ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश फिरोजाबादबीड़ी की चिंगारी से झोंपड़ी में आग लगी, वृद्ध जलकर मरा

बीड़ी की चिंगारी से झोंपड़ी में आग लगी, वृद्ध जलकर मरा

थाना क्षेत्र में बीड़ी की चिंगारी ने झोपड़ी में सो रहे एक वृद्ध की जिंदगी छीन ली। झोपड़ी में लगी आग में गाय व बकरी के बच्चे भी जल गए। हादसे से गांव में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने...

बीड़ी की चिंगारी से झोंपड़ी में आग लगी, वृद्ध जलकर मरा
हिन्दुस्तान टीम,फिरोजाबादSun, 11 Nov 2018 12:31 AM
ऐप पर पढ़ें

थाना क्षेत्र में बीड़ी की चिंगारी ने झोपड़ी में सो रहे एक वृद्ध की जिंदगी छीन ली। झोपड़ी में लगी आग में गाय व बकरी के बच्चे भी जल गए। हादसे से गांव में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

बदनपुर करखा निवासी रामब्रज (68) पुत्र रामहंस लकवे के मरीज थे। वह अपने खेत पर बनी झोपड़ी में रहते थे। वह रात को झोपड़ी में सो रहे थे। वहीं उनकी एक गाय उसका बछड़ा व बकरियां बंधी थी। भोर में उनका बेटा सुभाष वहां पर गया।

उसने झोपड़ी में बंधी गाय व बकरी को बाहर बांध दिया। उनके बच्चे अन्दर ही बंधे रहे। पशुओं को बाहर बांधकर वह घर चारा लेने के लिए चला आया। बाद में झोपड़ी में आग लग गई। आग से झोपड़ी व वहां रखी करब धूं-धू कर जल गया। आग में वृद्ध के साथ गाय का बछड़ा तथा बकरी के बच्चे भी खाक हो गए।

झोपड़ी में आग का पता चलते ही उसके परिवारीजन दौड़कर वहां पहुंचे। गांव के लोग भी आ गए। तब तक सब कुछ जलकर खाक हो गया। वहां के हालत देख लोग हैरत में पड़ गए। लोगों के दिल दहल गए। जिसको भी हादसे का पता चला वह वहीं पर पहुंच गया। हादसे का पता चलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

लोगों का मानना है जलती बीड़ी गिरने से हुआ हादसा

मक्खनपुर। लोगों का मानना है कि रामब्रिज ने भोर में बीड़ी पी होगी। उसका हाथ ठीक प्रकार उठता नहीं था। जलती बीड़ी गिरने से आग लग गई होगी। लोगों का मानना है कि आग लगने के बाद उसने उठने का प्रयास किया होगा। लकवा के कारण वह उठ नहीं सका होगा। क्योंकि वह चारपाई से नीचे गिरा हुआ था।

परिवार में कोहराम मचा

मक्खनपुर। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। उसके तीन बेटे लक्ष्मण, सुभाष व दशरथ का रोते रोते बुरा हाल हो गया। हादसे से गांव में मौत का सन्नाटा पसर गया।

एसडीएम समेत अधिकारी पहुंचे

घटना की सूचना पर एसडीएम शिकोहाबाद जैनेंद्र सिंह, सीओ शिकोहाबाद अजय चौहान, तहसीलदार कुमार स्वामी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि किसान दुर्घटना बीमा के तहत परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा मिल जाएगा। वहीं पशुओं की मौत को लेकर क्या राहत मिल सकती है उसे दिखवाया जा रहा है।

एमएलसी ने घटना की ली जानकारी

झोपड़ी में लगी आग से वृद्ध की मौत की सूचना पर एमएलसी डॉ. दिलीप यादव जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार को किसान दुर्घटना बीमा के तहत लाभ दिलाया जा रहा है। वहीं घटना दीपावली के त्योहार पर होने से झकझोर देने वाली है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें