ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश फिरोजाबादचूड़ी जुड़ाई श्रमिक बोले नहीं दिया जा रहा पूरा मेहनताना

चूड़ी जुड़ाई श्रमिक बोले नहीं दिया जा रहा पूरा मेहनताना

फिरोजाबाद। श्रमिक नेताओं ने नगर की श्रमिक बस्तियों में जनसम्पर्क कर चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों की समस्याएं...

चूड़ी जुड़ाई श्रमिक बोले नहीं दिया जा रहा पूरा मेहनताना
हिन्दुस्तान टीम,फिरोजाबादMon, 02 Jul 2018 06:56 PM
ऐप पर पढ़ें

श्रमिक नेताओं ने नगर की श्रमिक बस्तियों में जनसम्पर्क कर चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मेहनताना वृद्धि पर चूड़ी कारखाना सेवायोजकों व श्रमिक संगठन के मध्य हुए समझौता के उल्लंघन किए जाने की समस्या सामने आई। जुड़ाई श्रमिकों ने चूड़ी कारखानेदारों पर निर्धारित दर से कम मेहनताना दिए जाने का आरोप लगाया। चूड़ी जुड़ाई मजदूर संघर्ष कमेटी एवं चूड़ी जुड़ाई कामगार यूनियन के प्रतिनिधियों ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर श्रमिकों की समस्या जानी। श्रमिक नेताओं नगर के मौहल्ला आसफाबाद, सरजीवन नगर, नगला मिर्जा, झलकारी नगर, हिमायूपुर आदि क्षेत्रों में जन सम्पर्क किया। इस दौरान श्रमिकों ने बताया कि वर्तमान में सेवायोजकों द्वारा उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी कारखाने में पूर्व में मेहनताने को लेकर हुए समझौता का पालन नहीं किया जा रहा। श्रमिक नेता सोमेश गोस्वामी ने श्रमिकों से कहा कि जो सेवायोजक समझौता का पालन नहीं कर रहे उनकी लिखित शिकायत यूनियन कार्यालय पर करें। ताकि श्रम विभाग के माध्यम से उनका निराकरण कराया जा सके। उन्होंने सेवायोजकों को चेतावनी दी कि वे मनमानी न करें। एएलसी द्वारा कराए गए समझौता का पूर्ण परिपालन करें। अन्यथा की स्थिति में सम्बंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ श्रम अधिकारियों से वैधानिक कार्यवाही कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो सेवायोजकों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जनसम्पर्क में अरविन्द्र पिप्पल, महेश चंद्र शंखवार, श्याम बाबू, श्याम बाबू कालू, शकील, रामनाथ, श्रीकांत सोनी, अनिल कुमार, कुलदीप शंखवार, विद्याराम, नेकसेलाल, शेर सिंह जाटव आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें