आईएएस Vs तहसीलदार: महिला अधिकारी के ड्राइवर को उठाया, 112 पर फोन के बाद छोड़ा
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आईएएस अधिकारी और तहसीलदार राखी शर्मा के बीच का विवाद गहरा गया है। तहसीलदार ने आरोप लगाया है कि तहसील के कर्मचारियों ने उनके ड्राइवर को जबरन घर से उठाया, अभद्रता की और कुछ हलफनामों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया।

UP News: यूपी के फिरोजाबाद में आईएएस और तहसीलदार राखी शर्मा के बीच चल रही रार थमने का नाम नहीं ले रही है। तहसीलदार का अब आरोप है कि उनकी गाड़ी पर रहने वाले चालक को उसके गांव से जबरन तहसील के कर्मचारियों ने उठाया और उस पर कुछ एफीडेविटों पर हस्ताक्षर कराने का दवाब बनाया। उसके साथ हद दर्जे की अभद्रता की। जब डायल 112 पर तहसीलदार ने शिकायत की तो कई घंटे बाद उसके चालक को वापस गांव में पहुंचाया। मामले में थाना पचोखरा में तहरीर देने की बात कही है।
तहसीलदार राखी शर्मा ने सोमवार को आरोप लगाया कि आईएएस पर लगाए आरोपों के बाद उसका राजस्व परिषद मुख्यालय लखनऊ में संबद्धता कराने के बाद भी उत्पीड़न कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि अधिकारियों के इशारे पर टूंडला तहसील के कर्मचारी उत्पीड़न करने का काम कर रहे हैं। उसके आरोपों के खिलाफ सबूत जुटाने का प्रयास करते हुए उसकी छवि को धूमिल करने की कोशिश हो रही है। उसके वाहन पर रहने वाले टूंडला के भूत नगरिया थाना पचोखरा निवासी लक्ष्मण शर्मा पर दवाब बनाने के लिए उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया है।
तहसीलदार का आरोप है कि रविवार को उसके चालक लक्ष्मण के आवास पर टूंडला तहसील के बाबू और तीन कर्मचारी पहुंचे और उसको साथ ले जाने की बात परिवार से कही। आने वाले लोग चालक के यहां लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो चुके हैं। चालक के भाई ने मना कर दिया कि वह घर पर नहीं है। कुछ घंटे बाद चालक जब घर से निकला तो आरोपियों ने उसको पकड़ा और गाड़ी में डालकर ले गए। इसमें टूंडला तहसील में पूर्व में तैनात रहा एक कर्मचारी भी शामिल था जिसका जमीन के गोलमाल में नाम है।
तहसीलदार ने कहा कि कई घंटे तक जब चालक वापस नहीं आया तो उसके भाई ने राखी को फोन किया। इसके बाद राखी ने डायल 112 पर फोन किया और टूंडला पुलिस को बताया कि चालक गायब है अगर वह नहीं आया तो मामले को वह पूरी तरह से फिर उछाल देंगीं। बताया कि कुछ घंटे बाद चालक को उसके गांव लेकर तहसील के कर्मचारी और एक अधिकारी पहुंचे। चालक ने बताया कि उससे कुछ एफीडेविट वाले कागजों पर हस्ताक्षर कराने का दवाब बनाया। ऐसा नहीं करने पर उसके गांव के घर को तुड़वाने की धमकी दी। मोबाइल के बारे में कहा कि जो रुपये उन्होंने मोबाइल के लिए दिए थे उसके बारे में लिखवाना चाहते थे कि ये रुपये आईएएस ने दिए थे। चालक काफी डरा हुआ है। मामले की थाना पचोखरा में तहरीर दी है।
सरकारी वाट्सअप ग्रुप से किया रिमूव
तहसीलदार ने बताया कि उसने चालक के गायब होने की जानकारी सरकारी ग्रुप पर डाली तो चालक को आरोपियों के चंगुल से मुक्त करने में मदद करने की बजाए एक अधिकारी ने ग्रुप से रिमूव कर दिया। आखिर जिले के अधिकारी क्या चाहते हैं उसकी समझ में नहीं आ रही है।
चालक को बातचीत को बुलाया था:एसओ
थाना प्रभारी टूंडला अनिल कुमार ने बताया कि तहसीलदार के चालक को बातचीत के लिए तहसील में बुलाया था। उसको उठाकर उत्पीड़न करने की बात गलत है। मामले में अगर तहरीर आती है तो जांच की जाएगी।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


