फायरमैन को कॉकरोच बनकर प्रदर्शन करना पड़ा भारी, डीसीपी ने नौकरी से किया बर्खास्त
कॉकरोच बनकर आगरा, दिल्ली और लखनऊ में प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए फायरमैन जितेंद्र राठौर को शुक्रवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। बर्खास्तगी से पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर जवाब देने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

UP News: कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर आगरा, दिल्ली और लखनऊ में प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए फायरमैन जितेंद्र राठौर को शुक्रवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। बर्खास्तगी से पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर जवाब देने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने तय अवधि में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। इसके बाद डीसीपी मुख्यालय अतुल शर्मा ने अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें सेवा से हटाने करने का आदेश जारी कर दिया।
अब वह फायरमैन की वर्दी का नहीं पहन सकेंगे। वर्दी में पाए जाने पर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिरोजाबाद के रहने वाले जितेंद्र राठौर आगरा के संजय प्लेस फायर स्टेशन पर तैनात थे। उन्होंने गणित विषय में नेट पास करने के बाद दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में पीएचडी में प्रवेश लिया था। छात्र-छात्राओं के समूह में आपत्तिजनक संदेश भेजने की शिकायत पर उन्हें संस्थान से निष्कासित कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने विभाग में नियमित कार्यभार ग्रहण नहीं किया और अध्ययन के नाम पर लगातार अवकाश लेते रहे। शिकायतों के आधार पर उन्हें सस्पेंड किया गया तथा बाद में सोनभद्र ट्रांसफर किया गया, लेकिन उन्होंने वहां भी कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
निलंबन अवधि के दौरान उन्होंने आगरा दीवानी परिसर, दिल्ली और लखनऊ में कॉकरोच की वेशभूषा में प्रदर्शन किए। लखनऊ में आग की घटना के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए अग्निशमन विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसके बाद विभाग ने उन्हें बर्खास्तगी का नोटिस भेजा था। जवाब न मिलने पर विभाग ने अंतिम कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया।
जहरीली गैस से भरे कुएं में गिरा युवक, फायरमैन ने बचाया
उधर, औरैया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के राहतपुर गांव में शनिवार को 60 फीट गहरे पुराने कुएं में गिरे एक युवक को फायर ब्रिगेड की टीम ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण ये मुश्किल था। हालांकि करीब एक घंटे तक चले ऑपरेशन में फायरमैन गजेंद्र सिंह ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षा उपकरणों के साथ कुएं में उतरकर युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
4 जुलाई राहतपुर गांव निवासी 23 वर्षीय राजू गांव के पुराने कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बचाव कार्य शुरू करने से पहले टीम ने कुएं में मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव को कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया। इसके बाद फायरमैन गजेंद्र सिंह आवश्यक सुरक्षा उपकरण पहनकर रस्सी के सहारे कुएं में उतरे। संकरे और गैस से भरे कुएं में उन्होंने युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षा बेल्ट से बांधा। ऊपर मौजूद टीम ने समन्वय के साथ दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

