
कानपुर गोकशी कांड में चेयरमैन समेत 35 के खिलाफ एफआईआर दर्ज, मांस का जखीरा मिलने के बाद तनाव
कानपुर के बिल्हौर कस्बे में बड़े पैमाने पर हो रही गोकशी का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने चेयरमैन समेत 35 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की चार टीमें आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कानपुर के बिल्हौर कस्बे में धार्मिक स्थल और आबादी के पास जाफरशाह में किसान की भूमि पर बड़े पैमाने पर हो रही गोकशी का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन, सभासद समेत 35 लोगों के खिलाफ गोकशी हत्या निवारण अधिनियम की तीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की चार टीमें आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गोकशी मामले में एसआई सुधाकर पांडेय ने अपनी तहरीर में बताया कि मेहंदी हसन समेत अन्य के खेत से सटे कब्रिस्तान की दीवार के पास खाली जमीन पर 40 गोवंशों के अवशेष, हडि्डयां, कटे सिर और करीब 100 खाल मिली हैं। जांच में पता चला कि बिल्हौर नगर पालिका चेयरमैन इकलाख खान, उनके करीबी अच्छू, पूर्व चेयरमैन शादाब खान, सभासद लालबाबू, रहमान कुरैशी, नादिर, कादिर, राजबाबू, सलमान कुरैशी, रिजवान के अलावा उनके 25 अज्ञात साथियों की इसमें संलिप्तता है। पशु चिकित्सक डॉ. नीरज पटेल ने गोवंश के अवशेषों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। वीडियोग्राफी कराते हुए अवशेषों को दफना दिया गया है। एसीपी बिल्हौर मंजय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं।
कस्बे में तनाव के चलते भारी पुलिस बल तैनात
कस्बे में गोकशी का खुलासा होने के बाद बिल्हौर में पुलिस अलर्ट मोड में है। एडीसीपी सुमित रामटेके, एसीपी मंजय सिंह, इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के साथ सर्किल के थानेदारों और पीएसी बल के साथ चप्पे-चप्पे पर गश्त की जा रही है। इसके अलावा घटनास्थल धार्मिक स्थल, संवेदनशील मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस मौजूद है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफार्म और अराजकतत्वों पर नजर बनाए हुए है। किसी को भी भीड़ लगाने की इजाजत नहीं है।
विधायक बोले- दरवाजों पर बोटियां फेंकी जाएंगी
गोकशी का खुलासा होने के बाद क्षेत्रीय विधायक राहुल बच्चा सोनकर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह थाने में खड़े हैं। उसके बगल में एडीसीपी समेत कई पुलिस के लोग और कार्यकर्ता हैं। वीडियो में विधायक कह रहे हैं-गोकशी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई न हुई तो दरवाजों पर बोटियां फेंकी जाएंगी।





