रिश्वत नहीं दी तो बदल दिया पैतृक खेत, किसान आत्महत्या मामले में चकबंदी अफसरों समेत 8 पर FIR

Pawan Kumar Sharma संवाददाता, हरदोई
share

हरदोई में किसान की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उपसंचालक चकबंदी, बंदोबस्त अधिकारी और लेखपाल समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह केस आत्महत्या के लिए मजबूर करने में दर्ज किया गया है।

रिश्वत नहीं दी तो बदल दिया पैतृक खेत, किसान आत्महत्या मामले में चकबंदी अफसरों समेत 8 पर FIR

यूपी के हरदोई में किसान की आत्महत्या के मामले में शनिवार को पुलिस ने उपसंचालक चकबंदी (डीडीसी), बंदोबस्त अधिकारी (एसओसी) और लेखपाल समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह केस आत्महत्या के लिए मजबूर करने में दर्ज किया गया है। वहीं, कार्रवाई मृतक के पिता की शिकायत पर की गई है।

शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर नरकतरा निवासी कल्लू ने बेटे की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार कल्लू ने बताया कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान कानूनगो वीरपाल, बंदोबस्त अधिकारी पीसी उत्तम और उपसंचालक चकबंदी ज्ञानेश त्रिपाठी ने पैतृक खेत को यथावत रखने के लिए उनसे 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर उनका पैतृक खेत गांव के ही एक अन्य व्यक्ति को दे दिया गया, जबकि उन्हें बदले में दूसरा खेत देने को कहा। बेटे राजकुमार उर्फ राजू ने विरोध किया।

Voice of UP

वीडियो बनाने के बाद की आत्महत्या

इसी मामले को लेकर 19 दिसंबर को गांव के ही कुछ लोगों ने राजू के साथ मारपीट कर दी। इससे आहत राजकुमार ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला और अगले दिन 20 दिसंबर को आत्महत्या कर ली। कल्लू की शिकायत पर शनिवार को पुलिस ने उपसंचालक चकबंदी, बंदोबस्त अधिकारी, लेखपाल और गांव के कुछ अन्य लोगों सहित कुल आठ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फर्जी जमानत लेने वाले आरोपित को पुलिस ने पकड़ा

उधर,पुलिस ने गंभीर मामलों में फर्जी जमानत लेने वाले एक और आरोपित बावन चुंगी से गिरफ्तार किया है। पूछताछ करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया 29 दिसंबर 2025 को गंभीर अपराध के मामले में फर्जी तरीके से जमानत लेने के मामले में छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसी मामले में आरोपित सांडी थाना क्षेत्र के लडैता पुरवा मजरा आदमपुर निवासी मुसम्मी दिनेश कुमार उर्फ दिनेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इस आरोपित को पकड़ने में उप निरीक्षक कैलाश नाथ व सिपाही पूरनलाल शामिल है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।