VIDEO: वकील और सिपाही के बीच सड़क पर मारपीट, दोनों के बीच जमकर चले लात-घूंसे

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

कानपुर दो सिपाहियों की एक वकील के साथ गहमागहमी हो गई। देखते ही देखते दोनें के बीच जमकर लात-घूंसे चल गए। कभी सिपाही वकील पर भारी पड़ता तो कभी वकील सिपाही को दौड़ाकर पीटता रहा। दोनों के बीच जमकर हुई मारपीट का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

UP News: यूपी के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां वर्दीधारी दो सिपाहियों से वकील की पहले तू-तू, मैं-मैं और फिर गालीगलौज के बाद लात-घूंसे चल गए। कभी सिपाही वकील पर भारी पड़ता तो कभी वकील सिपाही को दौड़ाकर पीटता। दोनों के बीच जमकर हुई मारपीट का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद कमिश्नरेट पुलिस भी जांच में जुट गई। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा 2 मिनट 41 सेकंड का यह वीडियो सिविल लाइंस गुप्तार घाट के पास का और दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वहीं वीडियो सामने आने के बाद कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय हुई और 112 में तैनात सिपाही को सस्पेंड कर दिया, जबकि सस्पेंड चल रहे दूसरे सिपाही से जवाब तलब किया गया है। बताया जा रहा है कि गुप्तार घाट के पास दो दिन पहले निलंबित सिपाही दुष्यंत सिंह और 112 में तैनात सिपाही धीरज मिश्रा एक वाहन चालक को रोककर कागज चेक कर रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे वकीलों का सिपाहियों से विवाद हो गया और नौबत हाथापाई तक आ गई।

वकील और सिपाहियों में जमकर मारपीट

वकील ने सिपाही को एक थप्पड़ जड़ा। उसके बाद लात-घूसों की बरसात कर दी। वायरल वीडियो में सिपाही को पांच लातें और 11 थप्पड़ जड़े गए। सिपाही ने भी वकील के बाल पकड़ लिए। साथी वकीलों के दबाव में सिपाही ने बाल छोड़ दिए तो वकील ने लात मार दी। सिपाही ने वकील का पैर पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। दूसरे वकीलों ने छुड़वाया तो जमीन पर गिरा वकील फिर सिपाही पर हावी हो गया। एक राहगीर ने सिपाही को छुड़वाया और किनारे ले गया। चंद सेकंड में ही वकील फिर दौड़कर आया और सिपाही को थप्पड़ और लात मारने लगा। पीछे से आवाज आ रही कि राहुल रहने दे...तब जाकर वकील शांत हुआ। वकीलों का आरोप था कि सिपाही नशे में वसूली कर रहे थे। पुलिस इस मामले में जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है। उधर, क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि दोनों शराब के नशे में भी थे।

छह महीने से सस्पेंड है सिपाही दुष्यंत

विभागीय सूत्रों ने बताया कि सिपाही दुष्यंत सिंह छह महीने से सस्पेंड है। निलंबन के दौरान उसे लाइन में आमद करानी चाहिए लेकिन लंबे समय से वहां से भी गायब चल रहा है। पुलिस एक्ट के तहत निलंबन के दौरान वर्दी नहीं पहनी जा सकती है, बावजूद इसके दुष्यंत वर्दी पहनकर घूम रहा था। इसे देखते हुए उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। दूसरा सिपाही धीरज मिश्रा डायल 112 में तैनात था। आरोप है कि दोनों शाम को गुप्तार घाट के पास चेकिंग के नाम पर वसूली करते हैं।

इस मामले में एसीपी आनंद ओझा ने बताया कि मारपीट का वीडियो सामने आया है। निलंबित सिपाही से जवाब तलब किया गया है। निलंबन के दौरान वह वर्दी पहनकर कैसे घूम रहा था, जबकि 112 के सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। वीडियो की जांच के बाद दोषियों पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।