मंगेतर ने जयपुर में लगाई फांसी, खबर मिलते ही चित्रकूट में युवती ने भी दी जान
शादी से पहले खुशहाल भविष्य के सपने देख रहे एक मंगेतर जोड़े की कहानी अचानक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। पहले युवक ने जयपुर में फांसी लगाकर जान दे दी। दूसरी ओरउसकी सूचना मिलते ही युवती ने भी अपने घर में आत्महत्या कर ली।

यूपी के चित्रकूट से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शादी से पहले खुशहाल भविष्य के सपने देख रहे एक मंगेतर जोड़े की कहानी अचानक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। फोन पर आखिरी बातचीत के कुछ ही देर बाद पहले युवक ने जयपुर में फांसी लगाकर जान दे दी। दूसरी ओरउसकी सूचना मिलते ही युवती ने भी अपने घर में आत्महत्या कर ली। इस दोहरी खुदकुशी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
शादी तय थी और दोनों फोन पर बात भी करते थे। अचानक न जाने क्या हुआ कि जयपुर में रहने वाले मंगेतर ने वहीं फांसी लगा कर जान दे दी। इधर युवती ने भी घर में फांसी लगा ली। परिजनों को खुदकुशी की वजह नहीं पता है। मंगेतर का शव जयपुर से लाया जा रहा है। जबकि युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। इलाके में घटना की चर्चा जरूर है।
जानकारी के मुताबिक शहर से दूर के एक थाना क्षेत्र के गांव की युवती की शादी इलाके के ही एक परिवार में तय हुई थी। मंगेतर जयपुर में रहकर निजी क्षेत्र में काम करता था। शादी दोनों पक्षों की रजामंदी से हो रही थी। दोनों फोन पर बात भी करते थे। इलाके के लोगों ने बताया कि रविवार की रात दोनों में फोन पर बातचीत हुई। उसके कुछ देर बाद ही युवक ने जयपुर में फांसी लगा ली। यह सूचना युवक के परिजनों ने युवती के परिवार को दी। कुछ ही देर में युवती भी फांसी पर झूल गई। दोनों अपने-अपने परिवार के सबसे छोटे सदस्य थे। सीओ मऊ फहदअली ने कहा कि दोनों पक्षों में से किसी ने सूचना नहीं दी है। अन्य लोगों से मामला संज्ञान में आया है। जिसकी जानकारी कराई जा रही है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

