थाने के गेट पर ही महिला सिपाही की गोली लगने से मौत, गले को चीरते सिर से निकल गई बुलेट

कौशाम्बी, संवाददाता
Follow us on Google News
share

यूपी के कौशांबी में महिला थाने के गेट पर ही गोली लगने से महिला कांस्टेबल की मौत हो गई है। गोली महिला सिपाही के गले में लगने के बाद सिर से पार हो गई है। घटना का कारण अभी पता नहीं चल सका है।

Female constable dies
महिला सिपाही को गोली लगने की सूचना पर मेडिकल कॉलेज पहुंची पुलिस और मारी गई सिपाही प्रियंका यादव (फाइल फोटो)

यूपी के कौशांबी में दिल को दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां थाने के गेट पर तैनात महिला सिपाही की गोली लगने से मौत हो गई है। गोली महिला सिपाही के गले को चीरते हुए सिर से निकल गई है। मंगलवार की सुबह-सुबह गोली चलने की आवाज से खलबली मची। पुलिस वाले और अन्य लोग दौड़े तो देखा पहरा ड्यूटी पर तैनात सिपाही प्रियंका यादव खून से लथपथ जमीन पर गिरी थी। साथी पुलिस वाले उसे लेकर तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया। प्रियंका ने पिछले साल ही पुलिस बल ज्वाइन किया था।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, डीएसपी सौरभ सामंत समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया है। फिलहाल घटना का कारण नहीं पता चल सका है। जांच के लिए सीओ सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। जांच पूरी होने के बाद घटना की वजह साफ होगी।

डीएसपी के मुताबिक, प्रियंका यादव महिला थाना में पहरा ड्यूटी पर तैनात थी। सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसके पास सरकारी राइफल थी। गोली किन परिस्थितियों में चली, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि आरक्षी ने खुद को गोली मारी या राइफल से गलती से फायर हुआ। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ पुलिसकर्मियों से भी जानकारी ली जा रही है। सिपाही के कमरे की तलाशी भी ली गई है। फिलहाल वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

एएसपी अमिता सिंह ने बताया कि सुबह 10:30 बजे प्रियंका थाने के ऑफिस के बाहर गेट पर कुर्सी पर बैठी थीं। किसी काम से वह उठकर गई और दो मिनट बाद वापस आई। शुरुआती जांच में पता चला है कि जैसे ही वह कुर्सी पर बैठने लगी, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी पुलिसकर्मी पहुंचे तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उनके दाहिने हाथ में राइफल थी। राइफल को जांच के लिए कब्जे में लिया है। स्पॉट को सील कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथी पुलिसकर्मियों से भी जानकारी ली जा रही है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsथाने के गेट पर महिला सिपाही की गोली लगने से मौत, गले को चीरते सिर से निकली बुलेट