यूपी के इस गैंग ने मंदिर में चोरी के लिए दूसरे धर्म के चोर को किया हायर; मंगल-शनि को रखा परहेज
शातिरों के इस गैंग ने चित्रकूट और बांदा के अलावा मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी कई वारदातों को अंजाम दिया था। गैंग के सरगना विजय ने जब पुलिस को बताया कि मंदिर में चोरी का कहीं पाप न लग जाए इसलिए वे मुस्लिम से चारी कराते थे। मंगलवार और शनिवार को मंदिरों में चोरी करते भी नहीं थे।

UP News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से पुलिस को भी हैरान कर देने वाली एक खबर सामने आई है। यहां एक गैंग ने मंदिर में चोरी के लिए दूसरे धर्म के चोर को हायर किया। पकड़े जाने पर गैंग ने पुलिस को जो वजह बताई वो जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। इस गैंग ने डेढ़ महीने में धर्मनगरी के मंदिरों को निशाना बनाते हुए तीन वारदातों को अंजाम दिया। शनिवार को यह गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार आरोपियों में तीन शातिर चोरों के साथ ही एक सुनार है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि यह गैंग सिर्फ चित्रकूट और बांदा नहीं बल्कि सीमा से सटे मध्य प्रदेश के इलाकों में भी कई वारदातों को अंजाम दिया था। गैंग के सरगना विजय शुक्ला ने पुलिस के सामने कई अजब-गजब खुलासे किए। उसने बताया कि मंदिर में चोरी का कहीं पाप न लग जाए इसलिए गैंग वहां दूसरे धर्म के चोर को चोरी के लिए भेजता था। गैंग को पाप लगने का इतना डर था कि वो मंगलवार और शनिवार को मंदिरों में चोरी नहीं करता था। पुलिस ने पकड़े गए गैंग मेंबर्स के पास से मंदिरों में प्रतिमाओं के गहनों की करीब सात किलो चांदी, 65 हजार हजार रुपये कैश, बाइक और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।
चोर गैंग के पकड़े जाने के बाद एसपी अरुण कुमार सिंह ने इसकी मोडस ऑपरेंडी (काम करने के तरीके) पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भरतकूप मंदिर स्थित राम जानकी मंदिर, पहाड़ी थाना के अकेलवा बाबा हनुमान मंदिर परसौंजा और कर्वी कोतवाली के लोढ़वारा स्थित बाल हनुमान मंदिर में प्रतिमाओं के मुकुट, छत्र, गदा और पूजा सामग्री चोरी हुई थी। एएसपी सत्यपाल सिंह की अगुवाई में वारदातों के खुलासे के लिए टीम गठित की गई थी। कई सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक बाइक पर दो संदिग्ध नजर आए।
इसके बाद इनकी धरपकड़ शुरू की गई। पकड़े गए शातिरों में सरगना विजय शुक्ला निवासी विमल विहार कॉलोनी थाना सिकंदरा आगरा, बाबरशाह निवासी अफगानान मंडावर थाना मंदावर बिजनौर, मोहनलाल पटेल निवासी धरममुहापुर थाना मंझनपुर कौशांबी और कामता मौर्य निवासी रामनगर और थाना खागा फतेहपुर शामिल है। कामता मौर्य सुनार है। वह चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर सिल्ली बनाता था। इनसे चोरी किए मुकुट से संबंधित सात किलो 318 ग्राम चांदी की 14 छोटी-बड़ी सिल्ली, हनुमान जी की गदा, आरती की थाली के अलावा 65700 रुपये नगद, कटर, सलाई रिंच, छेनी, व्हील पाना, चोरी में इस्तेमाल बाइक की बरामदगी पुलिस ने की है।
गला देते थे आभूषण
एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य मंदिरों में चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को गलाकर सिल्ली बनवा लेते थे। उन सिल्लियों को आगरा ले जाकर बेच देते थे। शातिरों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि आगरा में चांदी का पैसा अच्छा मिल जाता है। चारों शातिरों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन लोगों ने इस साल जनवरी महीने से अभी तक बांदा, फतेहपुर और सीमा से सटे मध्य प्रदेश के सतना जिले के विभिन्न मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। चोरी किए गए चांदी के मुकुट, छत्र और अन्य आभूषणों को कामता मौर्य गलाने के बाद सिल्लियों में बदलकर बाजार में बेच देता था।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

