बेटे को सरकारी नौकरी मिलने की खुशी का जश्न, पिता ने हाथी पर बिठाया; गांव में धूमधाम से स्वागत
जबसे अवनीश के सलेक्शन की खबर आई है तबसे परिवार में जश्न का माहौल है। पिता महेंद्र का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। उन्होंने बेटे को हाथी पर बिठाकर स्वागत किया। बैंड बाजा भी मंगवाया। हाथी पर बैठे अवनीश की आरती उतारकर और हाथी की विधि विधान से पूजा कर इस खुशी के लिए परिवार ने ईश्वर को धन्यवाद दिया।
सरकारी नौकरी का आज भी कितना बड़ा क्रेज है इसका अहसास लोगों की बातों से तो होता ही रहता है लेकिन अब उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में ऐसा उदाहरण सामने आया है कि हर कोई हैरान रह गया। यहां बेटे को सरकारी नौकरी मिलने पर पिता सीना गर्व से चौड़ा हो गया। पिता ने बेटे का गांव में ऐसा स्वागत किया जिसकी चर्चा दूर-दूर तक हो रही है। लोग, इसे बेटे के लिए पिता के प्यार और उसकी कामयाबी पर पिता को मिली असीमित खुशी का उदाहरण बता रहे हैं।
अवनीश पांडे बस्ती के हर्रैया तहसील क्षेत्र के केशवपुर गांव के रहने वाले हैं। उनका चयन ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर हुआ है। अवनीश की इस उपलब्धि पर पिता और परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। जबसे अवनीश के सलेक्शन की खबर आई है तबसे परिवार में जश्न का माहौल है। इस बीच अधिकारी बना बेटा घर आया तो पिता ने हाथी पर बिठाकर उसका स्वागत किया। बेटे के स्वागत के लिए पिता ने बैंड बाजा भी मंगवाया। बैंड बाजे की धुन पर हाथी पर बैठे अवनीश की आरती उतारकर और हाथी की विधि विधान से पूजा कर इस खुशी के लिए परिवार ने ईश्वर को धन्यवाद दिया।
जिला पंचायत अधिकारी बने अवनीश पांडेय के स्वागत के लिए पिता महेंद्र कुमार पांडेय ने बस्ती के हर्रैया तहसील क्षेत्र के संसारीपुर चौराहे पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया। गाजे-बाजे के साथ आयोजित इस समारोह में अवनीश हाथी की सवारी करते हुए पहुंचे। पूरी तरह से माहौल किसी बारात जैसा हो गया। महेंद्र कुमार पांडेय के घर के आसपास और गांववाले भी इस जश्न में शामिल हुए। उन्होंने पांडेय परिवार को इस उपलब्धि के लिए खूब बधाइयां दीं।
यादगार बन गया स्वागत समारोह
अवनीश पाण्डेय के स्वागत के लिए उन्हें हाथी पर सवार कराया गया। हाथी पर सवार होकर निकले अवनीश को देखने और बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के बीच हुए इस अनोखे स्वागत ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और समारोह यादगार बन गया। अवनीश के ग्राम पंचायत अधिकारी बनने की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
समारोह में मौजूद लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पिता महेंद्र कुमार पाण्डेय ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि अवनीश की मेहनत रंग लाई है। उनकी सफलता परिवार के लिए गर्व का क्षण है। वहीं, स्थानीय लोगों ने अवनीश की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


