कमरे में फंदे से लटका पिता, बाहर दरवाजे से सटकर बैठा रहा 2 साल का मासूम
मेरठ में घर भीतर पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, दरवाजे से सटकर बैठा दो साल का मासूम ये दृश्य देखता रहा। उस वक्त पत्नी बैंक के काम से घर से बाहर थी।

यूपी के मेरठ के सिविल लाइन क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। घर के भीतर फांसी लगाते पिता और बाहर दरवाजे से सटकर बैठे दो साल का मासूम का दृश्य हर किसी की आंखों को नम कर दिया। 40 वर्षीय युवक ने तार का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उस वक्त पत्नी बैंक के काम से घर से बाहर थी। घर में उनका मासूम बेटा था, जो काफी देर तक कमरे के दरवाजे से सटा बैठा रहा। इस घटना से क्षेत्र मे हड़कंप मच गया।
विजयनगर के रहने वाले योगेश चंद्रा के मकान में रजनीश सैनी, अपनी पत्नी बबीता और बेटे के साथ किराए पर रहते थे। बबीता एक कॉलेज में सहायक शिक्षिका हैं और इन दिनों चाइल्ड केयर लीव पर है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह काम से बाहर गई हुईं थीं। इस दौरान रजनीश मासूम बेटे के साथ घर पर थे। बताया गया कि पत्नी के बाहर जाते ही रजनीश ने तार का फंदा बनाकर स्टोर रूम में फांसी लगा ली। इस दौरान उनका दो साल का बेटा बाहर दरवाजे से सटा बैठा रहा।
अंदर का दृश्य देख बदहवास हो गई बबीता
काफी देर बाद जब बबीता बैंक से लौटकर घर पहुंचीं तो पति को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। घर के भीतर कमरे की चौखट पर उनका बेटा बैठा मिला। पति को आवाज दी पर कोई जवाब नहीं आया। अंदर देखा तो स्टोर रूम का दरवाजा बंद था। शंका बढ़ने पर पड़ोसियों को बुलाया। दरवाजा तोड़ा तो भीतर रजनीश का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही बबीता बदहवास हो गई और पति को नीचे उतारने की गुहार लगाने लगी।
पहले बुलंदशहर में थी बबीता की तैनाती
उधर, सूचना मिलते ही सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। कुछ देर में रजनीश के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने बहू पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस के अनुसार, रजनीश और बबीता की शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। बबीता की पहली तैनाती बुलंदशहर में थी और जुलाई 2023 में मेरठ तबादला हुआ।
बेटे की देखभाल के लिए रजनीश ने छोड़ दी जॉब
रजनीश पहले प्राइवेट जॉब में थे, लेकिन बच्चे की देखभाल के लिए काम छोड़ दिया था। इस मामले में पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। जांच रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



