पिता ने बेटे को संपत्ति से किया बेदखल, पोते के अंतिम संस्कार तक को नहीं दी जमीन, पांच दिन रखा रहा शव
लखनऊ में रिश्ते को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया हैं। यहां एक युवक की मौत के बाद जब परिवार वाले शव को लेकर अंतिम संस्कार ले लिए पैतृक खेत पर पहुंचे तो बाबा ने जमीन देने से ही मना कर दिया। नाराज परिवार वालों ने पांच दिन तक अंतिम संस्कार ही रोके रखा।

Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ से रिश्ते शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। माल क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने एक बेटे को पैतृक जमीन से बेदखल दिया। कुछ दिन बाद जब पोते की मौत हुई तो बाबा ने अंतिम संस्कार के लिए खेत में जमीन तक नहीं दी गई। इससे नाराज परिवार वालों ने पांच दिन तक बेटे के शव का अंतिम संस्कार ही नहीं किया। पुलिस-प्रशासन को जब इसकी जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंचा और समझौते का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद गुरुवार शाम को पुलिस ने जबरन खेत में मृतक का अंतिम संस्कार करवा दिया। पारिवारिक विवाद का अपनी तरह का यह मामला बीते पांच दिनो से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
माल ब्लाक के आदमपुर गांव निवासी मृतक जयप्रकाश (26) के छोटे भाई आशीष ने बताया कि बाबा शिवमंगल के चार पुत्र हैं। बाबा ने मेरे दिवंगत पिता कृपाशंकर को जमीन न देकर अपने शेष तीन पुत्रों को गोपनीय ढंग से जमीन का दान विलेख कर दिया। पांच दिन पहले मेरे भाई मौत हो गई। जब हम परिवार के लोग खेत में अंतिम संस्कार करने पहुंचे तो वहां बाबा और चाचा ने लकड़ियां फेक दी और कहा यहां तुम्हारी कोई जमीन नहीं है। इसके बाद भाई के शव को बर्फ व पन्नी आदि लगा कर घर के बरामदे में रख दिया। अंतिम संस्कार के दौरान पता चला कि हमें पारिवारिक सम्पत्ति से बेदखल कर दिया गया है। आशीष ने कहा कि दान विलेख को निरस्त किये जाने और जमीन में हमारा हिस्सा दिया जाने की हमारी मांग है।
बेटे ने बर्बाद किये पैसे, इसीलिये किया बेदखल
मृतक के बाबा शिवमंगल ने बताया कि हमने मृतक पोते को कुछ साल पहले खेत के यूकेलिप्टस के पेड़ लगभग नौ लाख रुपये में बेचकर कपड़े की दुकान व मेडिकल स्टोर खुलवाया था। इसने कोई भी दुकान सही प्रकार से नहीं चलाई। सब पैसे बर्बाद कर डाले। कोई काम भी नहीं करता था। कुछ समय पहले मृतक जयप्रकाश दिल्ली चला गया मजदूरी करने लगा। जहां इसका अचानक स्वास्थ्य खराब होने के बाद मौत हो गई । इसका चाल-चलन सही नहीं होने के कारण इसको जमीन नहीं दी।

