बेटी के पैदा होने से 2 घंटे पहले पिता की मौत; पत्नी बेखबर, हादसे में साले ने भी गंवाई जान
हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर में दर्दनाक हादसे में कुलदीप अनुरागी की बेटी के जन्म से दो घंटे पहले मौत हो गई। पत्नी के प्रसव की सूचना पर अस्पताल जाते समय ई-रिक्शा और बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कुलदीप और उसके साले पवन की जान चली गई, जबकि बेटी ने अस्पताल में जन्म लिया।

झांसी का भरुआ सुमेरपुर में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। जब जन्म लेने के पहले ही रेखा की चौथी संतान का पिता स्वर्ग सिधार गया और वह अपनी बेटी का मुंह तक नहीं देख सका। बेटी के जन्म के महज दो घंटे पहले पिता की मौत हो गई। जबकि देर रात वह पत्नी के प्रसव पीड़ा की सूचना पर मिश्रीपुर से मौदहा आने के लिए ई-रिक्शा से निकला था और रास्ते में हुए हादसे में जान से हाथ धो बैठा। क्षेत्र के रोहरी गांव निवासी कुलदीप अनुरागी की शादी पाटनपुर निवासी रेखा अनुरागी के साथ 10 वर्ष पूर्व हुई थी। रेखा चौथी बार गर्भवती थी। शनिवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर परिजन रेखा को लेकर मौदहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और कुलदीप को भी मौदहा पहुंचने के लिए कहा था।
सड़क हादसे में साले की मौत
पत्नी के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना पाकर देर रात कुलदीप अपने बहनोई कपिल निवासी कल्ला, साले पवन कुमार निवासी पाटनपुर तथा गांव निवासी राजेश अनुरागी के साथ मिश्रीपुर से चला था। कुलदीप, कपिल एवं राजेश ई-रिक्शा में थे। जबकि पवन बाइक से साथ चल रहा था। कुंडौरा के नजदीक अज्ञात वाहन ई-रिक्शा और बाइक में टक्कर मारता हुआ गुजर गया। इस घटना में पवन की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। राजेश और कपिल को मामूली चोटें आई। कुलदीप ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से कोहराम मचा हुआ है।
बेटी के जन्म से पहले पिता की मौत
उधर, दुनिया में आने से पूर्व ही नवजात के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। बताते हैं कि घटना से अभी तक रेखा को अवगत नहीं कराया गया है। प्रसव के उपरांत शाम तक उसे घर वापस लाने की तैयारी की जा रही है, ताकि शव के गांव आने पर पत्नी को भी अंतिम दर्शन कराया जा सके। बेटी के जन्म लेने के महज दो घंटे पहले ही पिता की मौत हो जाने से बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। इस हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। अभी इसकी जानकारी बेटी की मां को नहीं दी गई है।


