दुष्कर्म पीड़िता का खेत में मिला शव, हत्या की आशंका
Fatehpur News - गाजीपुर में एक युवती का शव खेत में मिला है, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। युवती ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था और उसके बयान सोमवार को कोर्ट में होने थे। शव के पास जहर की पुड़िया और अन्य सामान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गाजीपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर सोमवार सुबह एक युवती का शव खेतों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवती ने दुष्कर्म का केस दर्ज करा रखा था। सोमवार को कोर्ट में बयान होने थे। उसके पहले उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गले और चेहरे पर चोट के निशान हैं। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज मामले की जांच में जुट गई है। दुष्कर्म का आरोपी पुलिस हिरासत में है। गांव निवासी युवती का शव गांव से करीब एक किमी दूर गोवर्धन प्रजापति के चने के खेत में पड़ा मिला।
मृतका की मां ने बताया कि रात करीब 12 बजे वह सो गई थीं। इसी दौरान बेटी वहां से निकल गई। खोजबीन के बाद रात करीब ढाई बजे वह अचेत अवस्था में खेत में मिली। शव के पास जहर की पुड़िया, एक खाली बोतल, सफेद पालीथीन में मोबाइल चार्जर, नकाब, नमकीन व बिस्कुट मिले हैं। चेहरे व गले पर काले चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मां ने गांव के सुनील यादव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने आरोप लगाया। बताया कि इस संबंध में 26 फरवरी को मुकदमा दर्ज कराया गया था। थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पीड़िता के सोमवार को मजिस्ट्रेट के सामने बयान होने थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ ब्रजमोहन ने बताया कि मामले के खुलासे के लिये टीमें गठित की गई है। मां के बयानों ने घटना को संदिग्ध बना दिया है। परिजन शक के दायरे में आ गए हैं। मां ने बताया कि गांव के ही तीन लोगों ने मेरी बेटी के साथ गलत काम किया था। जिसमें बेटी गर्भवती हो गई थी। जिसमें उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इससे पहले भी एक पड़ोसी लड़के पर छेड़छाड़ का मुकदमा बेटी ने दर्ज कराया था। जो मामला कोर्ट में चल रहा है। गुस्सा कर बेटे और पति ने हम मां बेटी को रविवार रात घर से निकाल दिया था। जिससे वह गांव किनारे फूलचंद्र के बाग में रात को बैठी थी। तभी रात बारह बजे के बाद नींद आ गई और बेटी वहां से निकल आई। खेत में जहां युवती का शव पड़ा हुआ था। वहीं पास ही जहर की पुड़िया, पानी की खाली बोतल आदि पड़े हुए हैं। जहरीला पदार्थ पूरे शव के ऊपर पड़ा हुआ है। ऐसा लग रहा है कि जैसे किसी ने हत्या को आत्महत्या का रुप देने के लिये यह सब किया है। पुलिस सूत्र भी बता रहे हैं कि हत्या कर शव फेंका गया है। युवती के होंठ में किसी तरह झाग या जहर के निशान समझ नहीं आ रहे हैं। युवती ने बीते 25 फरवरी को रेलवे ट्रैक में जान देने की कोशिश की थी। आरपीएफ जवानों ने युवती को देख बचा लिया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवती ने सुनील यादव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के लिये हिरासत में ले रखा था। इसी बीच सोमवार को युवती का शव मिल जाने से मामला पेचीदा हो गया है। युवती का मोबाइल नंबर रात से ही बंद था। पुलिस के मुताबिक मां ने शव रात में ही देख लिया था, लेकिन वह पुलिस को सूचना देने के बजाए सुबह फतेहपुर चली गई थी। पुलिस दुष्कर्म मामले में युवती के बयान के लिये उसके नंबर पर फोन कर रही थी, फोन बंद था। शव के पास मिले युवती के मोबाइल में कवर के पीछे एक पर्ची में किसी का मोबाइल नंबर लिखा मिला है। इसके साथ ही युवती की फोटो थी। पुलिस ने उस नंबर को भी जांच में शामिल किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



