Fatehpur News: शव मायके पहुंचने पर हंगामा, गिरफ्तारी की मांग
Fatehpur News: खखरेरु के बेरुई गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।

Fatehpur News: खखरेरु। हुसैनगंज थाना के दौलतपुर मजरे बेरुई गांव में सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर हुई महिला की मौत के मामले में बुधवार को फिर हंगामा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव मायके पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हंगामे की सूचना पर तीन थानों का पुलिस फोर्स पहुंचा। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार को राजी हुए। खखरेरु थाना क्षेत्र के सलवन गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि 24 वर्षीय बहन पूजा देवी की शादी तीन वर्ष पूर्व बेरुई थाना हुसैनगंज निवासी रामदीन से हुई थी।
सोमवार रात करीब 10 बजे पड़ोसी के फोन से सूचना मिली कि पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर पूजा घर के दरवाजे पर मृत मिली। राजकुमार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए पूजा को प्रताड़ित करते थे और रोजाना मारपीट करते थे। बहन की हत्या की गई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव सलवन गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार से मना कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर खखरेरु, हुसैनगंज व खागा थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को हिरासत में लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब छह बजे शव का अंतिम संस्कार किया गया। थाना प्रभारी सत्य पाल सिंह ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


