Fatehpur News: सांप ने महिला की चप्पल को डसा, बेहोश हुई महिला
Fatehpur News: खागा में रविवार सुबह एक महिला घरेलू कामकाज कर रही थी, तभी अचानक एक सांप ने उसे डसने की कोशिश की। सांप का पीछा करने पर महिला घबरा गई और बेहोश होकर गिर गई। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जानकारी दी कि महिला का इलाज किया जा रहा है।

Fatehpur News: खागा। नगर क्षेत्र में रविवार सुबह एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। जहां घरेलू कामकाज कर रही महिला को डसने के लिए सांप ने वार किया लेकिन गनीमत रही कि उसकी पहुंच चप्पल तक ही रही। बताते हैं कि इसके बाद सांप ने तेजी से महिला का पीछा किया। इस खौफनाक मंजर से सहमी महिला कुछ दूर भागने के बाद दहशत के मारे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। नगर निवासी अनिल कुमार रविवार सुबह अपने घर के बाहर बैठे थे। सुबह करीब नौ बजे उनकी पत्नी मैना देवी घर के भीतर रोजाना की तरह घरेलू कामकाज निपटा रही थी।
इसी दौरान घर के एक कमरे से अचानक एक सांप निकल आया। मैना देवी कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही सांप ने उनके पैर की चप्पल को डस लिया और फिर उनके पीछे दौड़ पड़ा। सांप को अपनी ओर आता देख महिला जान बचाकर भागी लेकिन खौफ के कारण कुछ ही दूरी पर अचेत होकर गिर पड़ी। घर के भीतर से आ रही मैना देवी की चीख-पुकार सुनकर बाहर बैठे पति अनिल कुमार, परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी तुरंत मौके की तरफ दौड़े। महिला को जमीन पर बेहोश पड़ा देख और सांप की मौजूदगी से परिजनों में हड़कंप मच गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई और घर में धुआं सुलगाकर सांप को वहां से सुरक्षित बाहर भगाया। सांप के जाने के बाद परिजन तुरंत अचेत अवस्था में मैना देवी को लेकर खागा सीएचसी पहुंचे और उन्हें भर्ती कराया। मामले को लेकर सीएचसी के डॉ. रमेश यादव ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


