कुत्ते ने तुड़वा दी शादी! मंडप में भिड़े बाराती-घराती, चार घायल

Feb 20, 2026 11:49 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फतेहपुर
share

Fatehpur News - फतेहपुर के खागा में एक विवाह समारोह के दौरान पालतू कुत्ते को लेकर विवाद हुआ। इस विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। अंततः वर और वधू पक्ष ने आपसी समझौते से शादी तोड़ने का निर्णय लिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल भेजा।

कुत्ते ने तुड़वा दी शादी! मंडप में भिड़े बाराती-घराती, चार घायल

फतेहपुर । खागा के कैनाल रोड स्थित एक मैरिज हाल में गुरुवार तड़के चल रहा विवाह समारोह उस समय रणभूमि में बदल गया, जब एक पालतू कुत्ते को लेकर मंडप के नीचे विवाद शुरू हो गया। मामूली सी बात ने ऐसा तूल पकड़ा कि शादी की रस्में थम गईं और बाराती व घराती आमने सामने आ गए। मारपीट में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। आखिर में शादी तोड़ दी गई। रात करीब तीन बजे जयमाल के बाद वैवाहिक रस्मों की तैयारी चल रही थीं। चर्चा रही कि इसी दौरान कन्या पक्ष के साथ आया पालतू कुत्ता मंडप के पास पहुंच गया।

उसे हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। आरोप प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। लोगों को कमरों में बंद करना पड़ा। अफरा तफरी के बीच हुई मारपीट में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। महिलाएं बचाव के लिए चिल्लाती रहीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। वर एवं वधू पक्ष ने आपसी समझौता करते हुए शादी तोड़ने का फैसला किया है। लेनदेन कर तोड़ दी शादी गुरुवार को मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने आपसी समझौते के अंतर्गत शादी न करने का फैसला किया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पक्षों से मिले उपहार एवं आभूषणों को लौटा दिया। घटना के बाद चर्चा का विषय यही रहा कि जहां विवाह जैसे पवित्र संस्कार को केंद्र में होना चाहिए था, वहां एक कुत्ते की एंट्री ने पूरा माहौल बिगाड़ दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।