Fatehpur News: 70 लाख खर्च के बाद जलभराव का दर्द झेल रहे शहरी
Fatehpur News: फतेहपुर में नगर पालिका परिषद ने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 70 लाख रुपये खर्च किए। लेकिन हल्की बारिश में जलभराव की समस्या बनी हुई है। जलनिगम के अधूरे नाले और तालाबों पर अतिक्रमण के कारण स्थिति और गंभीर हुई है। स्थानीय लोग परेशान हैं और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Fatehpur News: फतेहपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए करीब 70 लाख रुपये से नाला सफाई का काम बारिश से पहल करवाया गया गया था। लेकिन भारी भरकम रकम खर्च व जलनिकासी के किए जाने वाले दावों की पहली बारिश में ही पोल खुल गई। आलम यह है कि कई निचले इलाकों में हल्की बारिश होते ही जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के इमिलिहाबाग, टीचर्स कालोनी, रानी कालोनी, आवास विकास समेत कई निचले इलाकों में हल्की बारिश के दौरान सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। घरों के बाहर पानी भर जाने से स्थानीय लोगों का आवागमन भी काफी मुश्किल हो जाता है। वहीं वाहनों का भी आवागमन प्रभावित होता है, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल जलनिकासी के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकल सका। बारिश में शहर के अधिकतर नाले-नालियां बजबजाने लगे हैं नतीजतन बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाता है。
जलनिगम का अधूरा नाला भी कारण
जलनिगम द्वारा शहर की जलनिकासी सुनिश्चित किए जाने के लिए करीब 13 साल पूर्व 13 किमी का नाला बनवाया जा रहा था। लेकिन इसके आधा अधूरा होने के कारण जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। बताते हैं कि जलनिगम का नाला करीब पांच से अधिक स्थानों पर कनेक्ट ही नहीं किया जा सका जिसके कारण यह बेमकसद ही साबित हो रहा है।
तालाबों में अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी
पूर्व में विभिन्न मोहल्लों में जलनिकासी की समस्याएं इस कदर नहीं होती थी। लेकिन धीरे-धीरे शहर के करीब दो सैकड़ा से अधिक तालाबों पर किए जाने वाले कब्जे के कारण जलनिकासी प्रभावित हो रही है। जिसके लिए नगर पालिका द्वारा पंपिंग सेट के साथ ही मडपंप का भी निर्माण कराया गया है। देखना यह है कि शहर के जलभराव से लोगो को अखिर कब तक निजात मिल सकेगी।
जलनिगम के अधूरे नाले के कारण कई स्थानों पर जलनिकासी प्रभावित हो रही है, नाले को कन्ेक्ट नहीं किया गया है। हालांकि नगर पालिका द्वारा पांच नए पंपिंग सेटों की खरीददारी की जा चुकी है वहीं चार स्थानों पर मडपंप भी लगवाए गए हैं।
रविंद्र कुमार, ईओ, नगर पालिका परिषद


