नहरें सूखीं-तालाब खाली, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे बेजुबान
फतेहपुर में भीषण गर्मी के कारण नहरें पानी के लिए तरस रही हैं। रामगंगा और निचली गंगा नहर में पानी की कमी से किसान और पशु-पक्षी परेशान हैं। जरौली पंप कैनाल भी पिछले पांच दिनों से बंद है, जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। किसानों के लिए पानी की तलाश जारी है।

फतेहपुर। भीषण गर्मी में जिले की नहरें खुद पानी के लिए तरस रही हैं। रामगंगा और निचली गंगा नहर में मांग के मुकाबले आधा पानी मिलने से सैकड़ों माइनर और तालाब सूखे पड़े हैं, जिससे किसान और बेजुबान पशु-पक्षी बूंद-बूंद पानी को मोहताज हैं। वहीं, संकट के इस दौर में किसानों का सहारा बनने वाली जरौली पंप कैनाल भी मोटर फुंकने की वजह से पिछले पांच दिनों से ठप पड़ी है। भीषण गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षियों के पीने के पानी के लिए सिंचाई विभाग द्वारा नहरों का संचालन कराया जाता है ताकि तालाबों और पोखरों को भरा जा सके। लेकिन, पानी न आने के कारण न केवल पशु-पक्षियों की प्यास नहीं बुझ पा रही है बल्कि जायद की फसल के लिए किसानों को भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। इससे पीने के पानी की तलाश में पशु-पक्षियों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है。
पानी की मांग और आपूर्ति
बताया जाता है कि जिले की रामगंगा और निचली गंगा नहर के लिए 1800 क्यूसेक पानी की मांग के सापेक्ष, जिले की सीमा के मील 19.5 पर केवल 1000 क्यूसेक पानी ही मिल पा रहा है। इसमें से 200 से 250 क्यूसेक पानी कानपुर ब्रांच में चला जाता है। नतीजतन, जिले की नहरों के लिए महज 800 क्यूसेक पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है।
नहरों की स्थिति
तालाबों को भरवाए जाने के लिए रामगंगा व निचली गंगा नहर को चार-चार सौ क्यूसेक पर चलाया जा रहा है जो पर्याप्त नहीं है। जल लेखा सहायक जयकरन ने बताया कि डिमांड के सापेक्ष पानी न मिल पाने के कारण परेशानी हो रही है। जितना पानी मिल पा रहा है उतने में ही रजबहों व माइनरों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। बताया कि पानी बढ़ाने की लगातार डिमांड की जा रही है।
जरौली पंप कैनाल की स्थिति
नहरों के लिए पर्याप्त पानी न मिल पाने की दशा में किसानों को जरौली पंप केनाल का ही भरोसा रहता है। लेकिन बीते पांच दिनों से पंप केनाल के एक भी पंप नहीं चल पा रहे हैं। जबकि इससे पूर्व भी महज दो पंपों के सहारे ही पानी की आपूर्ति कराई जा रही थी। एई अतुल कुमार ने बताया कि मोटर भष्ट हो जाने के कारण पंपों का संचालन बंद है जल्द ही संचालन शुरू कराया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


