Fatehpur News: शब्दों की सीमा बता सीएमओ ने आरटीआई सूचना रोका
Fatehpur News: फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता को लेकर सीएमओ कार्यालय सवालों में है। आरटीआई आवेदन पर 500 शब्दों की सीमा का हवाला देकर जानकारी देने से इनकार किया गया। आवेदक ने इस जवाब के खिलाफ पहली अपील दाखिल की है। मामला निजी स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों के पंजीकरण से जुड़ा है।

Fatehpur News: फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सीएमओ कार्यालय सवालों के घेरे में है। निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लीनिक, पैथालाजी व डायग्नोस्टिक सेंटर व प्रसव सेवाएं देने वाली संस्थाओं के पंजीकरण, निरीक्षण और कार्रवाई से जुड़ी जानकारी मांगने वाले आरटीआई आवेदन पर 500 शब्दों की सीमा का हवाला देकर सूचना देने से इनकार कर दिया गया। जिस पर आवेदक ने सीएमओ कार्यालय के जवाब के खिलाफ प्रथम अपील दाखिल की है। हुसेनगंज के रारा निवासी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने 24 जुलाई 2026 को सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन देकर स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों से संबंधित कई अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां मांगी थीं। आवेदन में कुल 12 बिंदुओं पर सूचनाएं मांगी गई थीं। दावा है कि पूरा आवेदन 500 शब्दों की निर्धारित सीमा के भीतर था। इसके बावजूद सीएमओ कार्यालय की ओर से 17 अगस्त को जारी जवाब में उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली का हवाला दिया गया। कहा गया कि सूचना प्राप्त करने के लिए प्रस्तुत अनुरोध 500 शब्दों से अधिक नहीं होना चाहिए। पत्र में यह भी कहा गया कि मांगी गई सूचनाएं नियमों के अनुरूप नहीं हैं इसलिए सूचना उपलब्ध कराना संभव नहीं है। आवेदक ने सवाल उठाया है कि जब आवेदन निर्धारित 500 शब्दों की सीमा के भीतर है तो इसी प्रावधान का हवाला देकर सूचना देने से इनकार क्यों किया गया। वहीं सीएमओ डा.यूबी सिंह का कहना कि पांच सौ से अधिक शब्द होने के कारण सूचना से इनकार किया गया है。
जनहित से सीधे जुड़ी है जानकारी
आरटीआई में मांगी गई जानकारी जिले के निजी स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों के पंजीकरण, निरीक्षण, शिकायतों और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई से संबंधित है। ऐसे में मामला स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता से भी जुड़ा है। अब प्रथम अपीलीय प्राधिकारी के निर्णय पर निगाह है कि सीएमओ कार्यालय के जवाब को सही ठहराया जाता है या आवेदक को मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाते हैं।

