
व्यापारी का दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला शव
Fatehpur News - प्रेमनगर में कपड़ा व्यापारी उमेश सेन का शव किराए की दुकान में फंदे पर लटका मिला। परिवार ने मकान मालिक पर मानसिक तनाव और दुकान खाली करने के दबाव का आरोप लगाया। परिजन सुसाइड नोट की भी बात कर रहे हैं, जबकि पुलिस ने इसे सादा कागज बताया। उमेश के पीछे पत्नी और तीन बच्चे हैं।
सुल्तानपुर घोष। थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में बुधवार रात कपड़ा व्यापारी उमेश सेन उर्फ साधु का शव किराए की दुकान में फंदे पर लटका मिला। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजन जब कमरे पर पहुंचे और शटर उठाया तो मौके की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। परिवार ने मकान मालिक द्वारा दुकान खाली कराने के दबाव और मानसिक तनाव को मौत की वजह बताया है। परिजन मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिलने का दावा कर रहे हैं। लेकिन पुलिस ने पत्र मिलने से इनकार किया है। बताया कि वह सिर्फ सादा कागज है। घटना से कस्बे में तनाव फैल गया है।
परिजनों के मुताबिक उमेश सेन बीते कई वर्षों से पटेल मार्केट में दुकान चला रहे थे। इसी दौरान मकान मालिक ने उनसे 50 हजार रुपये एडवांस डिपॉजिट जमा करने या दुकान खाली करने का दबाव बनाना शुरु कर दिया। आरोप है कि उसने मृतक को यह कहकर परेशान किया कि दुकान किसी और को एक लाख रुपये एडवांस लेकर देनी है। दबाव बढ़ने पर उमेश सेन ने बुधवार को ही अपनी दुकान के लिए अतुल साहू का कमरा बुक कर लिया था। वह दोपहर में वहां सफाई करके कुछ सामान भी पहुंचा आए थे। शाम तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और अतुल साहू के कमरे पर पहुंचे। वहां शटर बंद मिला। शटर उठाते ही अंदर फंदे पर लटकता शव दिखा, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और शव को नीचे उतारा गया। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जामा तलाशी में पुलिस को मृतक की जेब से एक सफेद कागज मिला है। परिजन दावा कर रहे हैं कि यह सुसाइड नोट था और उसका वीडियो सबूत के रुप में मौजूद है। जिसमें जेब से कागज निकला है। जिसको पुलिस ने ले लिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि कागज तो मिला, लेकिन उस पर कोई लिखावट नहीं थी। मृतक अपने पीछे पत्नी वंदना सेन, दो विवाहित बेटिया, 20 वर्षीय अविवाहित बेटी खुशबू और 15 वर्षीय बेटे लकी को छोड़ गया है। परिवार अब मकान मालिक पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग कर रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




