कार की टक्कर से युवक पर गिरा पोल, मौत
Fatehpur News - सोमवार दोपहर को कंसाही गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के कारण पोल एक युवक मोहित साहू के सिर पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कार चालक को हिरासत में लिया।

बकेवर। मुसाफा-करबिंगवा मार्ग के कंसाही गांव के पास सोमवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल उखड़ के सड़क से पैदल गुजर रहे एक युवक के सीधे सिर के ऊपर जा गिरा। सिर फट जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों संग ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना क्षेत्र के भैसौली गांव निवासी 25 वर्षीय मोहित साहू पुत्र सुरेश कुमार साहू सुबह करीब दस बजे घर से होली का सामान लेने के लिये बाजार के लिये निकले थे और पैदल जा रहे थे।
गांव से करीब एक किमी दूर कंसाही गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार पोल से टकरा गई। पोल के नीचे से गुजर रहे मोहित के ऊपर पोल आकर गिरे और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और कुछ समय के लिए मार्ग बाधित रहा। सूचना पर बकेवर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। सीओ बिंदकी गौरव शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। औंग थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गया था। भदवारा कोतवाली घाटमपुर कानपुर नगर निवासी कार चालक भैसौली गांव से बहन को विदा करा के घर लौट रहा था। थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। कार चालक को हिरासत में लिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय दुर्घटना हुई उस दौरान विद्युत लाइन का शटडाउन लिया गया था, क्योंकि मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और पोल शिफ्टिंग का कार्य चल रहा था। यदि लाइन में करंट प्रवाहित होता तो और बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि आग या करंट से अन्य जनहानि नहीं हुई। मृतक मोहित साहू परिवार में सबसे बड़े थे। दो भाइयों व दो बहनों में बहनों का विवाह हो चुका है। उनकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में हुई थी। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी सहित परिजन रो रोकर बेहाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



