
ट्राली में बैठे किशोर एचटी लाइन की चपेट में, एक की मौत, दो झुलसे
Fatehpur News - फतेहपुर के हसवा गांव में शुक्रवार को एचटी लाइन की चपेट में आने से 17 वर्षीय पवन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। ट्रैक्टर चालक घटना के बाद फरार हो गया। पवन के परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
फतेहपुर। थरियांव थाने हसवा गांव में शुक्रवार दोपहर एचटी लाइन की चपेट में आने से ट्राली के ऊपर बैठे एक किशोर की मौत हो गई। वहीं दो किशोर गंभीर रुप से झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। हसवा निवासी नसीम ट्रैक्टर ट्राली लेकर खेतों में आलू की बोरियां लादने गया था। आलू की बोरियां लेकर दूसरे खेत बुआई करने जा रहा था। ट्राली में बोरियों के ऊपर गांव के ही 17 वर्षीय पवन पुत्र छेद्दू, 15 वर्षीय कुलदीप पुत्र कल्लू, आयुष पुत्र राजेश और विपिन पुत्र अवधेश बैठे थे।

गांव में महबूब तालाब के बगल से कच्चे रास्ते में एचटी लाइन का तार लटक रहा था। विपिन तार देख कर ट्राली से कूद गया था। लेकिन अन्य तीनों किशोर बैठे रहे। तभी वह तार पवन के माथे को छू गया। जिसके चलते वह झुलसने लगा। उसके पास ही बैठे अन्य दोनों किशोर भी झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने तीनों को तत्काल सीएचसी हसवा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद एमओआईसी डॉ.अनुपम सिंह अपनी गाड़ी से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पवन को मृत घोषित कर दिया गया। कुलदीप और आयुष को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पवन के छह भाईयों में चौथे नंबर का था। उसके भाई अंशू, सत्यम, शिवम, नमन, उत्तम और बहनें गुड़िया व काजल का रो रोकर हाल बेहाल है। चौकी प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


