
रेलवे फाटक के दोनों ओर लगा डेढ़ किमी का जाम
Fatehpur News - फतेहपुर में पचास नंबर ओवर ब्रिज के काम में देरी के कारण रेलवे फाटक बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। स्कूल की छुट्टी के समय जाम के चलते बच्चों को भी काफी परेशानी हुई। रेलवे फाटक खुलने के बाद भी वाहनों की लाइन में रुकावट आई।
फतेहपुर। पचास नंबर ओवर ब्रिज के काम में होने वाली लेटलतीफी राहगीरों के लिए नासूर बनती जा रही है। दरअसल रेलवे फाटक के लंबे समय तक बंद हो जाने के कारण वाहनों की कतारें लग जाती हैं जिससे राहगीरों को समस्याएं उठानी पड़ती हैं। ऐसा ही नजारा बुधवार को देखने को मिला जब रेलवे फाटक के बंद होने के दौरान दोनो ओर करीब डेढ़ किमी तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। पचास नंबर ओवर ब्रिज का मरम्मतीकरण कराए जाने के लिए इससे होने वाले वाहनों के आवागमन को बंद कर दिया गया था। जिसके बाद से शादीपुर स्थित रेलवे फाटक संख्या 49 सहित हरिहरगंज ओवरब्रिज से वाहनों को डायवर्ड कर दिया गया।
नतीजतन शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों का एकाएक लोड बढ़ने के चलते जाम के झाम से राहगीरों को जूझना पड़ रहा है। बुधवार की दोपहर विभिन्न विद्यालयों की छुट्टी होने के समय रेलवे फाटक के बंद रहने के कारण जहां साउथ सिटी में रेलवे फाटक से लेकर जिला पंचायत गेट तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। वहीं नार्थ सिटी की ओर शादीपुर रेलवे फाटक से लेकर नहर कालोनी गेट तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। इतना ही नहीं गेस गोदाम रोड, स्टेशन रोड, वीआईपी रो आदि में भी फाटक बंद रहने के कारण वाहनों की लाइन लगी रही। फाटक बंद होने के चलते विद्यालय वाहनों के उसमें फंसने के कारण बच्चों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे फाटक के खुलने के बाद इससे निकलने वाले वाहनों की लाइन लगी रही जिसके चलते मालगाड़ी को बीस मिनट तक रोका गया। वहीं मार्ग पर लगने वाले जाम के कारण वाहन स्वामी अपने वाहनों को घुमाकर दूसरे रास्ते से आवागमन करते रहे। जाम का आलम यह था कि यहां से पैदल चलना भी दुश्वार हो रहा था। जाम के कारण ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे सिंचाई विभाग के कैनाल मजिस्ट्रेट को भी सिर पर बैग रखकर स्टेशन तक जाना पड़ा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




