फतेहपुर। निज संवाददाता
करीब एक पखवारे से पड़ रही बर्फीली सर्दी से मंगलवार को लोगों को कुछ राहत मिली। सुबह बादलों के बीच से सूरज के दर्शन हुए तो लोगों ने राहत की सांस ली। पूरे दिन रही धूप होने से न्यूनतम पारा बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस तो अधिक तापमान 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। हालांकि शाम पहर एक बार गलन ने अपना असर दिखाया तो लोग परेशान होते दिखाई दिए।
सोमवार की रात से घना कोहरा आसमान में छाया रहा। सुबह लोगों को राहम मिलने के आसार नहीं दिखाई पड़ रहे थे लेकिन जब लोगों की सुबह नींद खुली तो मौसम साफ नजर आया लेकिन हल्की बादली छाई रही। सुबह करीब आठ बजे सूरज ने दर्शन दिए तो लोगों के चेहरों में खुशी दिखी। पूरे दिन धूप रहने से जहां लोग अपने घरों की छतों में बैठकर धूप का आनंद लिया तो वहीं बच्चे घरों से निकल कर पार्क एवं मैदान में पहुंच कर मस्ती की। वहीं सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारी धूप में बैठकर सर्दी से बचाव करते नजर आए। दिन में पारा में उछाल आया और न्यूनतम पारा 10 डिग्री तो अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया। जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिली। हालांकि सूरज ढलने के बाद एक बार फिर गलन बढ़ी तो लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। वहीं नगर पालिका द्वारा जलवाए गए प्रमुख स्थानों में अलाव तापकर गर्मी से बचाव करते नजर आए।
अगले पांच दिनों तक छाए रह सकते हैं आंशिक बादल
कृषि विज्ञान केन्द्र थरियांव के कृषि मौसम विशेषज्ञ सचिन कुमार शुक्ला ने बताया कि आगामी पांच दिनों में आंशिक रूप से बादल छाये रहने के साथ मौसम साफ रहने के आसार हैं। जिसमें आगामी दो तीन दिनों तक सर्दी बढेगी। उसके बाद धीरे धीरे तापमान में बढोत्तरी देखने को मिल सकती है। बताया कि जिले में किसी किसी दिन हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है और आगामी दो तीन दिनों में हवा की गति भी सामान्य से तेज रहने की सम्भावना है। किसान भाईयों को सलाह दी है कि फसल में निरंतर निगरानी करते रहें। विशेष कर झुलसा रोग और माहू कीट के नियंत्रण के लिए ध्यान दें। वहीं पशुपालक अपने पशुओं को किसी ढके हुए स्थान पर ही बांधे।