समझाने के बाद हुआ अंतिम संस्कार
Fatehpur News - खागा के रसूलपुर सानी गांव में किशोर अंशु की हत्या के मामले में परिवार ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि किशोर के मामा और पिता की भी हत्या में भूमिका हो सकती है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि यदि जांच में संलिप्तता मिली, तो उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा। अंततः परिवार ने अंतिम संस्कार किया।

खागा। कोतवाली क्षेत्र में रसूलपुर सानी गांव में किशोर अंशु की हत्या के मामले में मंगलवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। मांग की गई कि नामजद आरोपी किशोर के मामा और पिता को भी मामले में आरोपी बनाकर जेल भेजा जाए। परिजनों का आरोप था कि घटना में उनकी भी भूमिका हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए नए प्रार्थना पत्र को विवेचना में शामिल किया जाएगा। कोतवाल ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में आरोपी किशोर के मामा या पिता की संलिप्तता के साक्ष्य मिलते हैं तो उन्हें भी विधिवत आरोपी बनाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के समझाने और निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद परिजन मान गए। दोपहर करीब दो बजे के बाद गमगीन माहौल में अंशु का अंतिम संस्कार किया गया। गांव में इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और माहौल पूरी तरह शोकाकुल रहा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में श्वास नली में रुकावट (दम घुटना) को मौत का कारण बताया गया है। इससे गला दबाने की आशंका को बल मिला है। मृतक किशोर अंशु की मां ने भी पुलिस को दी गई तहरीर में गला दबाकर मारने का आरोप लगाया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



