
मेंहदी छूटने से पहले ही नवविवाहिता की मौत
Fatehpur News - खागा में नवविवाहित महिला रश्मि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। रश्मि की शादी एक महीने पहले हुई थी और उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
खागा। नवविवाहिता के हाथों की मेंहदी छूटने से पहले ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर पाकर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए मृतका का उत्पीड़न व उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। मायके पक्ष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख की बहू की अचानक मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। कौशांबी जिले के सड़वापर निवासी किसान धर्मेन्द्र सिंह ने अपनी 22 वर्षीय पुत्री रश्मि उर्फ कोमल का विवाह बीते दो नवंबर को विजयीपुर क्षेत्र पंचायत के पूर्व प्रमुख व नगर के नई बाजार मोहल्ला निवासी महेन्द्र सिंह पटेल के पुत्र आदित्य प्रताप सिंह के साथ किया था।

मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि गुरूवार सुबह ससुराल पक्ष द्वारा बताया गया कि रश्मि की तबियत खराब थी और इलाज के लिए उसे प्रयागराज लाए थे लेकिन इलाज के दौरान उसकी प्रयागराज में मौत हो गई है। सूचना पाकर जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे तो वहां एम्बुलेन्स में रश्मि का शव रखा था। आरोप लगाया गया कि वहां मौके पर ससुरालीजन मौजूद नहीं थे। रश्मि की मौत से मायके पक्ष के लोग हक्के बक्के रह गए और दुख के सागर में डूब गए। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि शादी के महज एक माह बाद ही उनकी रश्मि दुनिया छोड़कर चली जाएगी। मायके पक्ष के लोग कोतवाली आ गए और आरोप लगाया कि रश्मि के ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मुंहमांगा दहेज देने के बावजूद उसकी हत्या कर दी गई। कोतवाली प्रभारी रमेश कुमार पटेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर नगर में कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। मौत को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाते रहे लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




