हथगाम में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मारपीट का आरोप

हिन्दुस्तान, फतेहपुर
Follow us on Google News
share

कामापुर मजरे लखीमपुर गांव में 26 वर्षीय महिला जायत्री देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने एक युवक पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हथगाम में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मारपीट का आरोप

हथगाम। कामापुर मजरे लखीमपुर गांव में शनिवार रात 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने गांव के एक युवक पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस जहर खाने समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दीपक मौर्या पुणे में मजदूरी करता है। गांव स्थित घर में उसकी 26 वर्षीय पत्नी जायत्री देवी अपनी दो बेटियों पांच वर्षीय पलक और दो वर्षीय दिव्या तथा सास के साथ रहती थी। शुक्रवार रात अचानक जायत्री की तबीयत बिगड़ गई। बुजुर्ग सास ने इसकी सूचना अन्य परिजनों को दी।

परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव लौट आए। रात करीब दस बजे जायत्री के मायके, खागा में घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मां, बहन समेत अन्य परिजन गांव पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। मृतका की बहन प्रिया मौर्या ने बताया कि जब वे लोग गांव पहुंचे तो जायत्री का शव घर में पड़ा था। उसके हाथों में चोट के निशान थे। प्रिया के मुताबिक, जायत्री की बेटियों ने बताया कि रात में घर में एक युवक आया था जिसने उनकी मां के साथ मारपीट की थी। इसके बाद ही घटना हुई। थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि महिला के भाई अनिल मौर्या की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल, परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।