
खांसी-जुकाम के मौसम में खांसी का सिरप ही गायब
Fatehpur News - फतेहपुर के जिला अस्पताल में खांसी-जुकाम के मरीजों को सिरप नहीं मिल रहा है। रामनरेश अपनी पत्नी के लिए सिरप लेने आए, लेकिन दवा खिड़की पर सिरप खत्म होने की जानकारी मिली। ऐसे ही कई मरीज बाहर मेडिकल स्टोर से महंगे दाम पर सिरप खरीदने को मजबूर हैं। अस्पताल में 70 फीसदी मरीज इन बीमारियों से पीड़ित हैं।
फतेहपुर। सुबह ठंडी हवा के बीच मंडासराय हसवा निवासी रामनरेश अपनी पत्नी कमलेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। कमलेश कई दिनों से खांसी-जुकाम से पीड़ित थीं। घंटो लाइनों में लग कर डाक्टर को दिखा पाए। जांच के बाद डाक्टर ने खांसी का सिरप लिख दिया, लेकिन जब रामनरेश दवा खिड़की पर पहुंचे तो जवाब मिला सिरप खत्म है। यह सुनते ही उनकी उम्मीदें टूट गईं। मजबूरन उन्होंने बाहर मेडिकल स्टोर से 120 रुपये देकर वही सिरप खरीदा, जो सरकारी अस्पताल में मुफ्त मिलना चाहिए था। यह कहानी सिर्फ रामनरेश की नहीं, बल्कि उन सैकड़ों मरीजों की है जो बुधवार को जिला अस्पताल से बिना खांसी के सिरप से लौटे।

खांसी-जुकाम का मौसम चरम पर है और अस्पताल में 70 फीसदी मरीज इन्हीं बीमारियों से जूझ रहे हैं। लेकिन हाल यह है कि जिला अस्पताल की दवा खिड़की पर खांसी का सिरप कई दिन से गायब है। सर्दी के इस मौसम में खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है, लेकिन जिला अस्पताल में खांसी का सिरप न मिलना मरीजों के लिए मुसीबत बन गया है। अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों करीब 70 फीसदी मरीज खांसी-जुकाम से पीड़ित पहुंच रहे हैं, मगर दवा वितरण खिड़की पर उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। खांसी का सिरप खत्म हो जाने से मरीजों को या तो बिना दवा लौटना पड़ रहा है या बाहर मेडिकल स्टोर से महंगे दामों में सिरप खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। सीएमएस डा. राजेश कुमार ने बताया कि सिरप मिलता है। बुधवार को ही खत्म हुआ है। ड्रग वेयर हाउस भेज कर मंगा लिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


