
घने कोहरे के बीच सर्द हवा से पूरे दिन ठिठुरते रहे लोग
Fatehpur News - फतेहपुर में सोमवार को हल्की धूप के बाद मंगलवार को फिर से घने कोहरे और बर्फीली हवाओं का प्रकोप जारी रहा। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री दर्ज किया गया। लोग ठिठुरते हुए गर्म कपड़ों में लिपटे रहे, और बाजारों में चहल-पहल कम हो गई। अगले 24 से 48 घंटों में सर्दी में कोई कमी नहीं आने का अनुमान है।
फतेहपुर। सोमवार को धूप निकलने के बाद मंगलवार को फिर से दोआबा घने कोहरे और बर्फीली हवाओं की जद में रहा। कड़ाके की सर्दी और गलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। दो बजे के आसपास कुछ बादल छंटने से हल्की धूप तो निकल गई, लेकिन सर्द हवाओं के चलते गलन का असर बराबर रहने से पूरे दिन लोग ठिठुरते रहे। न्यूनतम तापमान 7.0 और अधिकतम पारा 17 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ों की ओर से चल रही पछुआ हवा ने लोगों को घरों में ही रहने के लिए मजबूर कर दिया है। चार दिन बाद बादलों के छंटने से सोमवार की सुबह से ही धूप निकल गई, जिससे लोगों का कुछ राहत मिली थी।
लेकिन मंगलवार को कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की उम्मीदों पर बर्फीली हवा ने पानी फेर दिया। गलन बढ़ने से पूरे दिन लोग ठिठुरते हुए नजर आए। पूरे दिन लोग जरुरी कामों से ही बाहर निकले। जो भी निकले वह गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। जगह जगह लोग आग जलाकर गलन भरी सर्दी से बचने का जतन करते दिखाई दिए। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। बाजारों में भी चहल-पहल कम हो गई। बर्फीली हवा का सितम बढ़ने के साथ सर्दी का असर काफी तेज हो गया है। अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आ गई। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों में बर्फीली हवा और गलन भरी सर्दी में कोई कमी आने के आसार नहीं हैं। वहीं सुबह आसमान में कोहरे की चादर तनी रहेगी। दोपहर ढलने के बाद भी सर्दी के तेवर और तीखे हो सकते हैं। भीषण कोहरे और सर्दी में ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला जारी है। ट्रेनों के इंतजार में यात्री प्लेटफार्म पर ठिठुरते नजर आए। इसी तरह से घना कोहरो होने के कारण मंगलवार को भी नेशनल हाईवे समेत अन्य राज्यमार्गो में वाहनों की रफ्तार में ग्रहण लगा रहा। दृश्यता इतनी कम रही कि वाहन चालक ढाबों में गाड़ी खड़ी करके कोहरा छंटने का इंतजार करते रहे। खासकर दो पहिया वाहन चालकों को गलन ने जमकर परेशान किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




