रिटायर्ड शिक्षक के घर से 15 लाख के जेवरात चोरी
Fatehpur News - चांदपुर थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव में सोमवार रात चोरों ने रामचरन पाल के घर में धावा बोलकर अलमारी से 15 लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। घटना के समय बहू सो रही थी, और घर के बाहर रामचरन सो रहे थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्ध औजार भी मौके से मिले हैं।

अमौली, संवाददाता। चांदपुर थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव में सोमवार रात हुई चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी। चोर घर में घुसकर अलमारी से करीब 15 लाख के जेवरात समेट ले गए, जबकि पास रखी नगदी सुरक्षित रही और कमरे में सो रही बहू को भनक तक नहीं लगी। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हुसैनाबाद गांव निवासी रामचरन पाल के घर सोमवार की रात चोरों ने धावा बोलते हुए अलमारी में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। कमरे में सो रही बहू को घटना की भनक तक नहीं लगी। रामचरन ने बताया कि रात में वह घर के बाहर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी सम्पाता, बेटा सौरभ उर्फ पिंटू और बहू दिव्यांशी अंदर कमरे में सो रहे थे।
सुबह पड़ोसियों ने घर का गेट खुला देखा तो रामचरन को जगाया। अंदर जाकर देखा गया कि जिस कमरे में बहू सो रही थी, उसी में रखी अलमारी खुली पड़ी थी और जेवरात गायब थे। पीड़ित ने बताया कि सम्पाता, उनकी विवाहित बेटी आशा और बहू दिव्यांशी के सोने-चांदी के गहने, जिनमें हार, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठी समेत अन्य जेवरात शामिल हैं वह चोरी हो गए। हालांकि पास में रखे बक्से में मौजूद 28 हजार रुपये की नगदी सुरक्षित मिले, जिससे घटना पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से प्लास और पेचकस जैसे औजार भी मिले हैं, जिन्हें परिजन घर का नहीं बता रहे हैं। थानाध्यक्ष विनोद पटेल ने कहा कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


