
गोला फेंक में आंचल देवी तो दौड़ में जिया ने मारी बाजी
Fatehpur News - फतेहपुर में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए नगर क्षेत्र स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शिक्षाधिकारियों ने प्रतिभागियों को खेल शपथ दिलाई। विभिन्न स्पर्धाओं में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन बीएसए भारती त्रिपाठी ने किया।
फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में खेल भावना विकसित करने के लिए मंगलवार को नगर क्षेत्र स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डायट परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में शिक्षाधिकारियों ने प्रतिभागी बच्चों को खेल शपथ दिलाई और प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। खुद को बेहतर साबित करने के लिए बच्चों ने अपना दमखम दिखाया। कार्यक्रम का उद्घाटन बीएसए भारती त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं बीईओ नगर जिलेदार सिंह ने खेल शपथ दिलाई। 50 मीटर दौड़ में बालिका में जिया प्रथम, सलोनी द्वितीय व शिवानी तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में राज प्रथम, सत्यम पाल द्वितीय, मोहम्मद मफ़ाज़ तृतीय स्थान पर रहे।
ऐसे ही 100 मीटर दौड़ में शिवानी, प्रीति, असरा ने स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में दीपांशु, रंजीत, सत्यम पाल अव्वल रहे। ऐसे ही 200 मी. दौड़, 400 मीटर दौड़ में बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन करते हुए स्थान ग्रहण करने में कामयाब रहे। वहीं गोला फेंक में बालिकाओं में आंचल देवी, करीना एवं विनीता ने क्रमश: प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में धनंजय, प्रथम सैफ द्वितीय और राजवीर तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को बीईओ ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर धर्मेंद्र कुमार,दिलीप सिंह जिला व्यायाम शिक्षक, सीमा सिंह जिला व्यायाम शिक्षिका, आलोक, शिव प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




