
सर्विस लेन हो या हाईवे के गड्ढे, हर कदम पर खतरा
Fatehpur News - फतेहपुर में कई स्थानों पर गड्ढों के कारण आवागमन में कठिनाइयाँ आ रही हैं। जलभराव के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिम्मेदारों की अनदेखी से गड्ढों की समस्या बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोग आए दिन किसी न किसी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
फतेहपुर। शहर के जिला मार्ग, अन्य जिला मार्ग सहित स्टेट हाईवे में जिम्मेंदारों की अनदेखी के कारण कई स्थानों पर गड्ढे हो चुके हैं जिससे यहां का आवागमन दुश्वारियों भरा हो रहा है। यहां हो चुके गड्ढो में जलभराव होने के चलते आवागमन करने के दौरान राहगीरों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद गड्ढो की ओर किसी का ध्यान न जाने के कारण परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही। ऐसे ही कुछ मार्गों की आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने पड़ताल की पेश है एक रिपोर्ट.......... चौडगरा को जाने वाली सर्विस लेन में हाईवे से उतरते ही गड्ढो के कारण आवागमन में खासी परेशानियां होती हैं।
कई बार तो इस जर्जर हो चुके मार्ग में वाहन सवारों के फंस जाने के चलते आवागमन बाधित होता चुका है। इसके बावजूद इस ओर जिम्मेंदारो द्वारा ध्यान नहीं दिया जाता जिससे समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय लोगो का कहना है कि इन गड्ढो के कारण आए दिन कोई न कोई चुटहिल होता रहता है। मौहार स्थित ओवर ब्रिज के नीचे स्थित सर्विस लेन में कहने को तो पूर्व में गड्ढो को भरवाया गया था। लेकिन मानकों को दरकिनार करते हुए होने वाले काम के कारण चंद दिनों में ही यहां पर गड्ढे हो चुके हैं जिससे आवागमन करने के दौरान राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन जिम्मेंदारों द्वारा राहगीरों को होने वाली समस्याओं के प्रति कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिम्मेंदारो की अनदेखी के कारण ललौली से चिल्ला तक जाने वाले मार्ग पर गड्ढे होने के चलते इसका नवीनीकरण का काम शुरू कराया गया था। लेकिन अब तक महज नाला बनवाए जाने के साथ ही मार्ग के नवीनीकरण के नाम पर महज खानापूरी किए जाने के कारण इस मार्ग से आवागमन करने वालों की मुश्किले कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जिससे इस मार्ग से बड़ी संख्या में आवागमन करने वाले राहगीरों में रोष दिखाई दे रहा है। उन्नाव से रायबरेली होते हुए लखनऊ को जाने वाले सात किमी के इस मार्ग पर कहने को तो ओवरलोड वाहनों का बड़ी संख्या में संचालन होता है। बताते हैं कि इस मार्ग पर गड्ढो को भरवाए जाने की कवायद शुरू की गई थी। इसके बावजूद इस मार्ग में होने वाले गड्ढो के कारण वाहन हिचकोले लेते हुए चलते हैं। वहीं स्थानीय लोगो के वाहनों का आवागमन होने के साथ ही विद्यालय का आवागमन करने वाले बच्चों को भी खासी परेशानी उठानी पड़ती है। थरियांव से असोथर जाने वाला मार्ग कहने को तो मुख्य मार्गों में शुमार है इसके बावजूद 15 किमी के इस मार्ग पर लंबे समय से गड्ढे होने के बावजूद इस ओर ध्यान न दिए जाने से कस्बे वासियों सहित वाहन स्वामियों को आवागमन में खासी परेशानियां उठानी पड़ती हैं। आलम यह है कि इस 15 किमी के मार्ग में एक सैकड़ा से अधिक गड्ढे हो चुके हैं जिससे वाहन स्वामी आए दिन हादसों का शिकार होते रहते हैं इसके बावजूद जिम्मेंदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




