खाड़ी देशों में फंसे युवकों की सलामती के लिए दुआ
Fatehpur News - मध्य-पूर्व में तनाव और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बीच खाड़ी देशों में काम कर रहे भारतीय युवकों के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। बहरीन, कुवैत, कतर और सऊदी अरब में काम कर रहे कई युवक सुरक्षित हैं, लेकिन लगातार हमलों से दहशत का माहौल है। भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है।

खखरेरू। मध्य-पूर्व में जारी तनाव और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के बीच खाड़ी देशों में रोजगार कर रहे क्षेत्र के युवकों को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। थाना क्षेत्र के कोट गांव समेत आसपास के इलाकों के आधा दर्जन से अधिक युवक बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के विभिन्न शहरों में काम कर रहे हैं। ताजा घटनाक्रम के बाद परिवारों की रातों की नींद उड़ गई है। कोट गांव निवासी मोहम्मद कैफ, तैबउल्ला और मोहम्मद यकीन इन दिनों बहरीन के रिफा क्षेत्र में नौकरी कर रहे हैं। मोहम्मद यकीन ने फोन पर परिजनों को बताया कि शनिवार रात रुक-रुक कर हुए हमलों के चलते पूरी रात बिल्डिंग के नीचे बैठकर गुजारनी पड़ी।
कुछ दूरी पर जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज इतनी तेज थी कि कुछ समय के लिए कान सुन्न हो गए। हालांकि सभी साथी सुरक्षित हैं, लेकिन लगातार हमलों से दहशत का माहौल है। वहीं दुबई में काम कर रहे मूसा खान पुत्र एजाज खान भारत लौटने वाले थे, लेकिन हवाई उड़ानें रद्द होने से दो दिनों से एयरपोर्ट पर फंसे हैं। उन्होंने बताया कि मिसाइल गिरने की खबर से अफरा-तफरी मच गई। अमौली ब्लाक के लखनीपुर निवासी छत्रपाल पटेल, जो दो वर्ष पूर्व दुबई गए थे, ने बताया कि हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। उनके अनुसार आठ घंटे के अंतराल में कई मिसाइलें गिरने की सूचना है और एयरपोर्ट पर हताहतों की खबरें भी मिली हैं। सुरक्षा कारणों से फोटो व वीडियो बनाने पर रोक लगा दी गई है। विजयीपुर क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी बीरु कुमार पुत्र प्रेमचन्द्र पिछले पांच वर्षों से कुवैत में कार चालक के रुप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वहां भी हवाई हमलों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। भारतीय दूतावास की ओर से घरों में रहने की एडवाइजरी जारी की गई है और आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। इधर गांवों में परिजन अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। दिन भर फोन से हाल चाल ले रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


