छिनैती करने वाले बुलेट सवार तीन बदमाश दबोचे गए
Fatehpur News - खागा में 14 फरवरी को दंपति से हुई छिनैती का पुलिस ने खुलासा किया। तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से पांच मोबाइल फोन, 1450 रुपये नकद और लूट में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपितों में शिवम यादव, नागेंद्र यादव और तुफैल शामिल हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की है।

खागा। नगर के पूर्वी बाईपास में बीती 14 फरवरी को दंपति से हुई छिनैती की घटना का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने बुलेट सवार तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 1450 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटर साइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों में कोतवाली क्षेत्र के पांभीपुर गांव निवासी शिवम यादव (27), हथगाम थाना क्षेत्र के शाहीपुर निवासी नागेंद्र यादव (28) तथा नगर निवासी तुफैल (26) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शिवम यादव पूर्व में दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। शिवम और नागेंद्र आपस में रिश्तेदार हैं और जीजा साले बताए जा रहे हैं।
14 फरवरी की शाम पवन सविता और उनकी पत्नी मोनिका पूर्वी बाईपास से गुजर रहे थे, तभी बुलेट सवार बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया था और फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार शाम सघन जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपितों को अकोढ़िया पुल के पास से दबोच लिया। उनके पास से लूट का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया गया है। तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


