बिन्दकी। हिन्दुस्तान संवाद
देवरी बुजुर्ग गांव में बीते शनिवार की शाम दो पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर चली गोली में एक की मौत व एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया था। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर आरोपी व उसके पुत्र को डबल बैरल बंदूक के साथ गिरफतार कर जेल भेज दिया था। पुलिस अब दोनो गांवो के आरोपियों के घर दबिश दे रही है। कार्रवाई की जद से बचने के लिए ग्रामीण घरों में छिप रहे है।
घटना के तीसरे दिन भी देवरी गांव में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। घटना में फरार चल रहे दोनों पक्षों के आरोपियों के घर पुलिस ने दबिश देना शुरू कर दिया है। परिजनों पर दबाव बनाते हुए पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि आरोपियों को हाजिर करें वरना परिजनों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। वहीं घटना में शामिल अज्ञात लोगो की तलाश में भी पुलिस जांच में जुट गई है। सोमवार को सदर कोतवाली व औंग पुलिस के साथ साथ क्यूआरटी पुलिस बल व जाफरगंज पुलिस गांव में मौजूद रही। पुलिस ने दोनों गांवों के मुख्य मार्गो पर फलैग मार्च कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की भी हिदायत दी। वहीं पीड़ित जयसिंह उर्फ कुल्ला के घर में तीसरे दिन भी मातम का माहौल नजर आ रहा था। घर की महिलाएं रोती बिलखती रही, मौके पर मौजूद पुलिस बल के जवानों ने परिजनों को ढ़ांढ़स बंधाते हुए प्रशासन द्वारा हर सम्भव मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया। जाफरगंज क्षेत्राधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि फरार सभी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है। सभी के मोबाइल नम्बर भी सर्विलांस में लगाए जा चुके है। जल्द ही आरोपी सलाखो के पीछे होंगे।