
रसूखदारों की गिरफ्तारी से बच रही असोथर पुलिस
Fatehpur News - असोथर के सरकंडी गांव में विकास कार्यों की जांच के दौरान बवाल हो गया। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया लेकिन प्रधान पति और अन्य रसूखदारों को अब तक नहीं पकड़ा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तारी से बचने का समय दे रही है।
असोथर। थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव में बुधवार को ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की जांच के दौरान हुए बवाल में पुलिस की जांच सुस्त हो गई है। शुक्रवार को बवाल के छह आरोपियों को जेल भेजने के बाद कार्रवाई ठंड पड़ गई है। बवाल और हत्या के प्रयास में नामजद प्रधान के पति, बेटे और दूसरे पक्ष के किसी को भी पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस की सुस्त कार्रवाई देख ग्रामीणों ने आरोप लगाए हैं कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तारी से बचने का समय दे रही है। बुधवार को सरकंडी के मजरे सरकंडी खास में विकास कार्यों की जांच करने डीआरडीए पीडी शेषमणि टीम के साथ पहुंचे थे।
प्रधान पति संतोष द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ जांच के दौरान मौजूद थे। शिकायतकर्ता रोशन सिंह, इंद्रेश, कोटेदार सुनील तिवारी भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में गाली गलौज विवाद शुरु हो गया था। दोनों ओर से लाठी डंडो से हमला हो गया था। शिकायतकर्ता पक्ष के चार लोग गंभीर घायल हो गए थे। असलहा लहराये गए। फायरिंग की भी चर्चा थी। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की बात से इंकार कर दिया था। पुलिस ने प्रधान पति संतोष द्विवेदी सहित दोनों ओर से 28 लोगों को बलवा, हत्या के प्रयास आदि गंभीर धाराओं में नामजद किया था। 15 अज्ञात भी मुकदमें में शामिल किये गए थे। एसपी ने असोथर थानेदार अभिलाष तिवारी की लापरवाही मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की। लेकिन रसूखदारों को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिये टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




