
आम के बाग का प्रबंधन करने का उपयुक्त समय: डा.संजय
Fatehpur News - फतेहपुर में कृषि विज्ञान केंद्र के उद्यान वैज्ञानिक डा. संजय कुमार ने बताया कि आम के बाग का प्रबंधन करने का सबसे उपयुक्त समय दिसंबर है। इस महीने सिंचाई बंद रखनी चाहिए और पौधों की अवांछित शाखाओं की छंटाई करनी चाहिए। उचित प्रबंधन से फसल में अधिक फूल आने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है।
फतेहपुर। आम के बाग का प्रबंधन करने के लिए दिसम्बर माह सबसे उपयुक्त समय है, यह वक्तव्य देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के उद्यान वैज्ञानिक डा.संजय कुमार ने बताया कि बाग का प्रबंधन ही पेड़ की उत्पादकता एवं गुणवत्ता निर्धारित करता है। बताया कि आम की खेती के लिए दिसंबर का महीना बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस माह में पेड़ो को आराम देते हुए इसकी सिंचाई नहीं करनी चाहिए। उद्यान वैज्ञानिक ने बताया कि उचित प्रबंधन से आने वाली फसल में अधिक फूल आने और उत्पादन सुनिश्चित करने में सहायक होता है। इस प्रक्रिया में जलवायु, पोषण, सिंचाई, कटाई छंटाई और रोग कीट प्रबंधन जैसे विभिन्न कारकों का ध्यान रखना आवश्यक है।

बताया कि इस माह सिंचाई पूरी तरह बंद कर दी जाए लेकिन यदि मिट्टी में नमी कम हो तो पेड़ से दूर आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई की जाए। वहीं इस महीने में नाइट्रोजन का उपयोग भी न किया जाए जिससे पत्तियों का विकास न रुक सकें। बताया कि पेड़ों की सूखी, रोगग्रस्त और अवांछित शाखाओं की कटाई छटाई भी की जाए। बताया कि एक प्रतिशत पोटेशियम नाइट्रेट का छिड़काव किया जाए जिससे फूल अधिक आ सकें साथ ही प्लानोफिक्स एक मिली प्रति तीन लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव किया जाए दरअसल यह प्रक्रिया फूल झड़ने की प्रक्रिया को रोकने में सहायक होती है। उन्होंने बताया कि डाई-बैक रोग के लक्षण वाले स्थानों पर स्थान पर इसकी छंटाई करके कॉपर ऑक्सीक्लोराइड तीन ग्राम प्रति लीटर का छिड़काव किया जा सकता है। बताया कि मिली बग कीट का ससमय उचित प्रबंधन नही किया गया तो आम उत्पादक किसान को नुकसान उठाना पड सकता है। इसके नियंत्रण के लिए पेड़ की बैंडिंग की व्यवस्था करने के साथ ही 30 सेमी की चौड़ाई वाली एक अल्केथेन शीट निश्चित ऊंचाई पर पेड़ के तने के चारों ओर लपेटकर बचाया जा सकता है। वहीं सर्दी से बचाव के लिए बाग के चारों ओर धुएं का प्रयोग करने के साथ ही पाले से पेड़ों को बचाने के लिए असापास हल्की नमी बनाएं रखने के साथ ही इसे बचाकर बेहतर उप्तादन प्राप्त किया जा सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




