ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश फतेहपुरमनेगा संविधान दिवस, दिल में उतरेंगे मौलिक कर्तव्य

मनेगा संविधान दिवस, दिल में उतरेंगे मौलिक कर्तव्य

कल सभी स्कूलों में संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस बार का संविधान दिवस बेहद खास होने जा रहा है। केन्द्र सरकार के निर्देश पर राज्य सरकार ने सभी परिषदीय स्कूलों में संविधान दिवस को धूमधाम से मनाने का आदेश...

मनेगा संविधान दिवस, दिल में उतरेंगे मौलिक कर्तव्य
हिन्दुस्तान टीम,फतेहपुरMon, 25 Nov 2019 12:03 AM
ऐप पर पढ़ें

कल सभी स्कूलों में संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस बार का संविधान दिवस बेहद खास होने जा रहा है। केन्द्र सरकार के निर्देश पर राज्य सरकार ने सभी परिषदीय स्कूलों में संविधान दिवस को धूमधाम से मनाने का आदेश दिया है। कहा गया है कि बच्चों को संविधान की प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए 14 अप्रैल तक अनवरत कार्यक्रम जारी किए जाएं। 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भीमराव अम्बेडकर की जयंती में इस विशेष अभियान का समापन होगा।

राज्य परियोजना निदेशक ने सभी बीएसए से कहा है कि कल 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सभी परिषदीय स्कूलों में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया जाए। इस बार स्कूलों में प्रस्तावना का वाचन कर प्रतिज्ञा समारोह, विशेष सभा, वाद विवाद, निंबध प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, सेमिनार और व्याख्यान आयोजित कराए जाएंगे। इसके बाद दिसंबर, जनवरी एवं फरवरी में भी स्कूल एवं जनपद में कार्यक्रम आयोजित होंगे। दिसंबर में सुबह की सभा में प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्य पढ़े जाएंगे एवं मौलिक कर्तव्यों पर ब्रोशर, हिन्दी, अंग्रेजी एवं क्षेत्रीय भाषाओं में ई-पोस्टर भी तैयार कराए जाएंगे। इनका वितरण छात्रों के बीच कराया जाएगा। जनवरी में जनपद स्तर पर वाद विवाद, निबंध, सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज एवं व्याख्यान जैसे कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। इनका आयोजन स्कूल स्तर पर भी किया जाएगा। जबकि फरवरी में मौलिक कर्तव्यों के संदेश को प्रसारित करने के लिए जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से प्रख्यात व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। विद्यालयों में मौलिक कर्तव्यों और सम्बन्धित विषयों पर प्रख्यात वकीलों व कानूनविदों की वार्ता का आयोजन किया जाएगा। अप्रैल में 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के जन्मदिन पर इस अभियान का समापन किया जाएगा। बाबा साहब ने ही देश के संविधान निर्माण में मुख्य भूमिका निभाई थी और इन्हें संविधान निर्माता की संज्ञा दी जाती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें