Fatehpur News: भरे जाने लगे बांदा-बहराइच मार्ग के गड्ढे
Fatehpur News: बसों और अन्य वाहनों के लिए बांदा-बहराइच हाईवे में गड्ढों की समस्या बढ़ी थी, बावजूद टोल पूरी वसूली की जा रही थी। हिंदुस्तान अखबार के माध्यम से प्रकरण उठाने के बाद एनएचएआई ने गड्ढों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया, जिससे यात्रियों को राहत मिली।
Fatehpur News: बहुआ। दोआबा से गुजरने वाले बांदा-बहराइच हाईवे में कई छोटे-बड़े गड्ढे हो जाने के बावजूद पूरा टोल वसूल किया जा रहा था। इसके बावजूद गड्ढो को भरवाए जाने को लेकर जिम्मेदारों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा था। नतीजतन वाहन स्वामियों को आवागमन के दौरान परेशानियों के साथ ही हादसों का भी खतरा मंडरा रहा था। राहगीरों को होने वाली समस्याओं के चलते आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने पड़ताल कर खबर का प्रकाशन किया, जिसके बाद गड्ढो को दुरुस्त करवाना शुरू कर दिया है। जिले से गुजरे बांदा-बहराइच हाईवे के करीब 65 किमी के सफर में गड्ढों के कारण खासी दुश्वारियों का सामना राहगीरों को करना पड़ रहा था।
बारिश के समय राहगीरों को गड्ढो के कारण आवागमन में खासी दिक्कते होने के बावजूद इस मार्ग पर स्थित टोल पर पूरी फीस वसूल की जा रही थी। जबकि गड्ढो के कारण राहगीरों पर दुर्घटना का शिकार होने का खतरा मंडराता रहा था, जिस पर नौ अगस्त के अंक में ‘हिन्दुस्तान’ ने ‘हाईवे पर टोल पूरा,राह में गड्ढो का झूला’ नामक शीर्षक के साथ खबर का प्रकाशन कर असनी गंगा पुल से दतौली यमुना पुल तक हो चुके गड्ढों की हकीकत को बयां किया था। जिस पर एनएचएआई रायबरेली द्वारा गड्ढों को बंद करवाने के साथ ही आने वाली दरारों को ढंकने का काम तेजी से शुरू करा दिया गया जिससे वाहन स्वामियों को राहत मिल सकेगी।


