Fatehpur News: झमाझम बारिश से सड़कों पर पानी, बहे दावे-कहानी
Fatehpur News: फतेहपुर में मूसलाधार बारिश ने जलनिकासी व्यवस्थाओं को बेकार कर दिया। गांवों में पानी भरने से लोग परेशान हुए और विरोध किया। विजयीपुर क्षेत्र में तालाबों का पानी घरों में घुस गया। नागरिकों ने प्रशासन के कार्यों पर सवाल उठाए और जलभराव से राहत की मांग की।
Fatehpur News: फतेहपुर। दोआबा में हुई मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन के जलनिकासी के तमाम दावों की हवा निकाल दी। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सड़कें ताल-तलैया बन गईं और दो-दो फीट तक पानी भर गया। निचले इलाकों और गांवों में तालाब उफनाने से बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे बेबस ग्रामीणों को गृहस्थी का सामान सिर पर लादकर छतों की ओर पलायन करना पड़ा। जलभराव, पेड़ गिरने से रास्ते बंद होने और सिस्टम की लापरवाही से परेशान ग्रामीणों ने जलमग्न सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका की ओर से जलनिकासी के लिए कराई गई नाले और नालियों की सफाई की भी पोल खोल दी।
बारिश के दौरान नाले-नालियां उफनाने से शहर के तांबेश्वर चौराहा, रानी कॉलोनी, मुराइनटोला, पीरनपुर, गैस गोदाम रोड, नासिरपुर, महिला डिग्री कॉलेज, वर्मा तिराहा, मोटे महादेवन मंदिर और हरिहरगंज समेत कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में खासी परेशानी उठानी पड़ी। निचले इलाकों में पानी भरने से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। इससे नाला सफाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, तांबेश्वर नगर का पानी निकालने के लिए बनाया गया पंप भी जलभराव के आगे कारगर साबित नहीं हो सका.
तालाब उफनाया, घरों में घुसा पानी
विजयीपुर क्षेत्र के सिलमी गांव में बना बाबा तालाब मूसलाधार बारिश में उफना गया। इससे लंका टोला मोहल्ले के करीब एक दर्जन घरों में तालाब का पानी घुस गया और रास्ते जलमग्न हो गए। घरों में पानी भरने से मुखिया निर्मल के यहां रखा अनाज, कपड़े आदि सामान भीग गया। राजू निर्मल और ननकू मौर्य के घर में रखा मवेशियों का भूसा भी पानी से खराब हो गया। वहीं मनोज, राजेश निर्मल, केशन और धुन्ना समेत अन्य ग्रामीणों की गृहस्थी का सामान भीग गया। इसके बाद लोगों ने सामान को छतों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया.
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, बच्चों ने बनाया स्वीमिंग पूल
विजयीपुर क्षेत्र के खेमकरनपुर, जनानतारा मजरे गढ़ा, मलूकबारी कछरा, मडौली, ख्योखरी, पहाड़पुर और महावतपुर असहट समेत कई गांवों में ग्रामीणों के घरों तक पानी पहुंच गया। ग्रामीणों ने दो-दो फीट पानी में खड़े होकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र के सामने पानी भर जाने पर बच्चों ने उसे स्वीमिंग पूल बना लिया और खूब मस्ती की। नायब तहसीलदार नितिन कुमार ने बताया कि राजस्व और ब्लॉक कर्मियों की टीम को जलनिकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं.
जलभराव से ग्रामीण परेशान, भैंस की मौत
औंग क्षेत्र के बसावनपुर मजरा करचलपुर गांव में बारिश के पानी से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलभराव के साथ ही ग्रामीणों को पशुओं की भी चिंता सता रही है। ग्रामीण जय नारायण यादव, रमेश यादव, बागड़ यादव, पप्पू कछवाह, सुरेश यादव और पल्ले यादव आदि ने बताया कि घरों में पानी पहुंचने से गृहस्थी का सामान खराब हो रहा है। वहीं रमेश यादव की भैंस की मौत हो जाने से ग्रामीणों में चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है.
पेड़ गिरने से आवागमन बाधित
विजयीपुर-गाजीपुर मार्ग पर ज्वाला प्रसाद डिग्री कॉलेज नरैनी के पास बारिश के दौरान एक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। इससे मार्ग के दोनों ओर आवागमन बाधित हो गया। लोगों को रास्ता खुलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, शिवपुर-सिलमी मार्ग पर भी मूसलाधार बारिश के दौरान नीम का विशाल पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने पेड़ की छंटाई कर रास्ता साफ किया, जिसके कई घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका.


