Fatehpur News: हि फॉलोअप : आरबीएसके की गाड़ियां खड़ी, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण ठप
Fatehpur News: फतेहपुर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की सेवाएं स्वास्थ्य विभाग की लापरवाहियों के चलते प्रभावित हो रही हैं। कई महीनों से वाहनों के भुगतान रुके रहने से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य बाधित हो गया है। सीएमओ ने बताया कि बजट की कमी के कारण भुगतान लंबित था, जिसे अब हल कर दिया गया है।

Fatehpur News: फतेहपुर। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की व्यवस्था जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते प्रभावित हो रही है। धाता, बहुआ, भिटौरा और देवमई में आरबीएसके टीमों के वाहनों का कई महीनों से भुगतान नहीं हुआ है। भुगतान अटकने से कहीं वाहन खड़े हो गए हैं तो कहीं ईंधन के अभाव में सेवाएं बंद हो गई हैं। इससे माइक्रोप्लान के अनुसार स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर बच्चों की जांच का काम प्रभावित हो रहा है। धाता सीएचसी की आरबीएसके टीम-ए के वाहन का करीब दो माह से भुगतान लंबित है। भुगतान नहीं होने के कारण वाहन का संचालन प्रभावित है।
बहुआ पीएचसी की स्थिति और गंभीर है। यहां आरबीएसके टीम-ए और टीम-बी के वाहनों का मार्च से अगस्त तक भुगतान नहीं हुआ है। ईंधन के लिए धनराशि नहीं होने के कारण दोनों टीमों की फील्ड सेवाएं बंद हो गई हैं। वहीं भिटौरा पीएचसी की टीम-ए के वाहन का जून से अगस्त तक भुगतान नहीं हुआ। भुगतान न मिलने पर वाहन खड़ा कर दिया गया है। देवमई पीएचसी में भी आरबीएसके टीम-ए के वाहन का मार्च से अगस्त तक भुगतान लंबित है। लगातार भुगतान नहीं होने के कारण वाहन को खड़ा कर दिया गया है। संबंधित वाहन चालकों और मालिकों ने अपने-अपने चिकित्साधिकारियों को पत्र देकर लंबित भुगतान कराने की मांग की है। इसके बावजूद कई महीनों से भुगतान नहीं होने से सीएमओ कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सीएमओ यूबी सिंह ने बताया कि बजट के अभाव में भुगतान लंबित था। भुगतान करा दिया गया है।


