15 हजार उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन का इंतजार
Fatehpur News - फतेहपुर में 15 हजार उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। दोआबा में 28 हजार ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन केवल 6 हजार को ही गैस मिल रही है। आईजीएल के अधिकारी ने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में कई मोहल्लों में पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति शुरू होगी।

फतेहपुर। गैस की किल्लत के बीच पीएनजी कनेक्शन लेकर सालों से बैठे 15 हजार उपभोक्ताओं का इंतजार समाप्त नहीं हो रहा है। दोआबा में करीब 28 हजार उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन शहर समेत जहानाबाद, बिंदकी, मलवां समेत गांवों में केवल छह हजार उपभोक्ताओं को ही गैस मिल रही है। अकेले शहर में करीब तीन हजार उपभोक्ताओं को दो साल से पीएनजी गैस का इंतजार है। हालांकि गैस किल्लत के बीच पीएनजी गैस कनेक्शन के लेकर उपभोक्ताओं में तेजी दिखी है। कंपनी की मानें तो चरणबद्ध तरीके से छह सौ किमी में गैस की पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा किया जा चुका है।
जनपद में साल 2024 से पीएनजी के गैस कनेक्शन देने के काम किए जा रहे हैं, जिसमें अभी तक केवल कुछ ही इलाके में पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति की जा रही है। उक्त स्थानों पर छह हजार कनेक्शन हैं, जिनको गैस दी जा रही है। जंग की तपिश के बीच एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत है, जिसको लेकर सरकार का फोकस पीएनजी गैस पर है। हालांकि आईजीएल (इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड) के अफसरों का दावा है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में शहर के कई मोहल्लों में पाइप लाइन गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।औद्योगिक, कॉमर्शियल व घरेलू के लिए 24 घंटे पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सप्लाई कंपनी देगी। आपूर्ति शुरू होने से पहले मीटर लगाया जाएगा और मीटर के हिसाब से ही भुगतान होगा। औद्योगिक क्षेत्र में मलवां में दो फैक्ट्रियों में पीएनजी कनेक्शन की सप्लाई जारी है, जबकि आधा दर्जन आवेदन कनेक्शन के लिए लंबित है। इसी तरह शहर में बड़ी संख्या में होटलो, रेस्टोरेंट और मैरिज हाल में पीएनजी कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। औद्योगिक व कॉमर्शियल पीएनजी मिलने से कोयले की भट्टियों की मुक्ति मिल जाएगी।आईजीएल के ड्रिस्टिक हेड अरुण कुमार ने बताया कि करीब छह हजार कनेक्शन धारकों को पीएनजी से सप्लाई दी जा रही है। जिन क्षेत्रों में सप्लाई शुरू है वहां के लोग कनेक्शन ले सकते हैं और उनको आपूर्ति दी जाएगी। शहरी क्षेत्र में कनेक्शन देने का काम चल रहा है। शहर में चरणबद्ध तरीके से लिंक पाइप लाइन डाली जा चुकी है, यहां पीएनजी गैस की आपूर्ति हो पाएगी। कनेक्शन कंपनी पहले देती है ताकि पाइप लाइन आते ही लोगों को पीएनजी मिलने लगे। पहले कनेक्शन से अंदाजा हो जाता है कि कितनी गैस की आवश्यकता पड़ेगी। सिक्योरिटी राशि ली जाती है। गैस इस्तेमाल पर बिल आता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


