Fatehpur News: एसडीएम ने लिया राहत शिविरों का जायजा, सफाई शुरू
Fatehpur News: नेपाल में जलप्रलय के बाद गंगा के जल स्तर में वृद्धि हो रही है जिससे जिला प्रशासन अलर्ट है। एसडीएम और नायब तहसीलदार ने राहत शिविरों का जायजा लिया और सलाह दी कि ग्रामीण राहत शिविरों में शरण लें। गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से केवल आठ सेंमी नीचे है।

Fatehpur News: औंग। नेपाल में जलप्रलय के बाद गंगा के पानी में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर जिला प्रशासन खासा अलर्ट दिखाई दे रहा है। गुरुवार को एसडीएम व नायब तहसीलदार ने राजस्व टीमों के साथ बाढ़ राहत शिविर सहित सदनहा-बिंदकी फारम आदि का जायजा लिया।
राहत शिविरों की तैयारियां
वहीं राहत शिविरों को भी आपदा से निपटने के लिए तैयार किया जाने लगा है। एसडीएम खागा निशांत तिवारी ने राजस्व टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांव का जायजा लिया साथ ही बाढ राहत शिविर आशापुर डाकबंगला, पंचायत भवन के साथ ही महुआ घाटी व कानपुर नगर के सिकठिया में बनने वाले शिविर का जायजा लिया। यहां पर जल्द से जल्द साफ-सफाई शुरू करवाने के निर्देश दिए जिस पर काम भी शुरू करवा दिया गया।
गांव वालों को सलाह
उन्होने कहा कि गांव में पानी पहुंचने पर ग्रामीण तत्काल राहत शिविरों में शरण लें। उन्होंने बाढ़ पर लगातार निगाह रखने के लिए दो दर्जन लेखपालों की अलग-अलग टीमें गठित कर 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई साथ ही जलस्तर व प्रभावित गांव में लगातार नजर बनाए जाने के निर्देश दिए। वहीं नायब तहसीलदार अमरेश सिंह ने सदनहा-बिंदकी फारम मार्ग के जलमग्न हो जाने के बाद यहां का जायजा लिया। बताया कि अभी गांव तक पानी नहीं पहुंचा है उन्होने क्षेत्रीय लेखपाल कुलदीप सिंह के साथ प्रभावित गांव पहुंचकर की जाने वाली तैयारियों की जानकारी देने के साथ ही खतरा महसूस होते ही गांव को खाली कर राहत शिविरों में पहुंचने की अपील की। टीम के साथ ग्राम प्रधान अभयपुर रामदास निषाद के अलावा कानूनगो भोला व जितेंद्र भी मौजूद रहे।
गंगा का जल स्तर
खतरे के निशान से आठ सेंमी नीचे गंगा
गुरुवार को एक सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर गंगा का जलस्तर 100.78 मीटर पर पहुंच गया है जो खतरे के निशान 100.86 मीटर से महज आठ सेंमी नीचे है। वहीं यमुना के जलस्तर में भी बीते 24 घंटे में तीन सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर 91.11 मीटर पर पहुंच गया है जिससे यह नदी बुधवार की अपेक्षा करीब 78 सेंमी उछाल पर पहुंच चुकी है।


