एसपी ने तीन दिन में खुलासे का दिया अल्टीमेटम
Fatehpur News - फतेहपुर में खखरेरु थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम सर्राफ शिवकुमार मौर्य के साथ लूट की घटना हुई। बदमाशों ने उन्हें घेरकर हमला किया और बैग व मोबाइल छीन लिया, जिसमें 15 लाख के जेवरात थे। पुलिस ने तीन दिन में बदमाशों को पकड़ने का आदेश दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

फतेहपुर। खखरेरु थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम सर्राफ के साथ हुई लूट के मामले में एसपी ने सख्त रुख अपनाया है। देर रात ही घटनास्थल का निरीक्षण कर एसपी ने तीन दिन के अंदर बदमाशों को पकड़ वारदात का खुलासा करने का अल्टीमेटम थाना प्रभारी को दिया है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ में जुटी है। धरपकड़ भी की जा रही है। पुलिस ने सर्राफ की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि सर्राफ की पहले रेकी की गई है।
इसके बाद पीछा कर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बता दें कि केशव रायपुर केवटमई गांव निवासी शिवकुमार मौर्य गेरिया बाजार चौराहे पर सर्राफा की दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम करीब छह बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी अंजना कबीर गांव के पास सुनसान रास्ते पर पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर कर तमंचे के बट से मारपीट कर घायल कर दिया था। उनके पास रखा बैग और मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए थे। सराफ ने बताया कि बैग में करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात और करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण थे। जिनकी कीमत करीब 15 लाख के करीब है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। चार टीमें गठित की गई हैं। जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।सर्राफ के पास से बदमाश मोबाइल भी छीन ले गए थे। हालांकि उसकी जेब में रखी नगदी बदमाश नहीं ले गए। बदमाशों के फरार होने बाद सर्राफ उठा और पास के खेत में गेहूं काट रहे किसान के पास पहुंचा। उसके मोबाइल से काल कर अपने भाई को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी। सिर पर तमंचे की बट मारे जाने से सर्राफ का सिर फट गया था। हालांकि अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।बदमाशों ने जिस स्थान पर सर्राफ के साथ लूट की। वह इलाका बेहद सुनसान है। दूर-दूर तक घर या दुकानें नहीं हैं। यही कारण है कि पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कोई संदिग्ध कैद नहीं हुआ है। पुलिस अब पिछले तीन से चार दिनों तक के सीसीटीवी फुटेज देख रही है। आशंका है कि सर्राफ की रेकी की जा रही थी। इसके बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


