घर से 22 किमी दूर फंदे पर लटका मिला किसान का शव
Fatehpur News - अमौली में एक किसान सुशील कुमार का शव गन्ना प्लांट जाने के बाद फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने बताया कि वह घरेलू परेशानियों और कर्ज से तनाव में थे। परिवार को उसकी मौत की खबर से सदमा लगा है। शव का...

अमौली,संवाददाता। घर से गन्ना प्लांट जाने की बात कह कर रविवार को घर से निकले किसान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घर से करीब 22 किमी दूर चांदपुर थाना के सैंठी गांव के पास किसान का शव एक नीम के पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जाफरगंज थाना के मांझेपुर निवासी 40 वर्षीय सुशील कुमार उर्फ बड़े क्षेत्र का चर्चित किसान था। परिजनों ने बताया कि घर से रविवार सुबह नौ बजे गन्ना प्लांट जाने की बात कह कर निकले थे। इसके बाद शाम तक घर नहीं लौटे तो ट्यूबवेल जाकर पता किया तो वहां रखवाली करने वाले मामा ने भी गन्ना प्लांट जाने की बात कही। छोटे भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अक्सर गन्ना प्लांट से देर रात तक आते थे इस लिय चिंता नहीं हुई घर आकर सो गए। सुबह शव फंदे पर लटके होने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी आलोक तिवारी ने बताया कि किसान घरेलू परेशानियों से तनाव में रहता था। कर्ज की बात भी सामने आई है। संभावना है कि इन्हीं कारणों की वजह से फांसी लगाई हो। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
डीजल ले जाते हुए लोगों ने देखा था
ग्रामीणों ने बताया कि सुशील बहुत ही जिंदा दिल इंसान था। मेहनत से खेती किसानी करता था। दो ट्रैक्टर और निजी नलकूप है। रविवार को डीजल ले जाते हुए देखा था। लगा नहीं था किसी तरह के तनाव में हैं। फांसी लगाने की बात गले नहीं उतर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।