
घने कोहरे ने थामी रफ्तार, सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन
Fatehpur News - फतेहपुर में शनिवार को घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। दृश्यता 10 से 20 मीटर तक सीमित होने से वाहनों की गति धीमी हो गई। स्कूल जाने वाले बच्चों और कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञानी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कोहरे की स्थिति बनी है और अगले कुछ दिनों तक यह जारी रहने की संभावना है।
फतेहपुर। दोआबा में मौसम ने शनिवार को करवट ले ली। सुबह से ही छाए घने कोहरे ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख सड़कों और ग्रामीण मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। कई स्थानों पर दृश्यता 10 से 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह तड़के स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और रोजमर्रा की आवाजाही करने वाले लोगों को विशेष दिक्कतें हुईं। कोहरे के चलते बसों, ट्रकों और निजी वाहनों की गति काफी धीमी रही। कई वाहन चालकों ने हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लिया, फिर भी सड़क पर आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था।

हाईवे पर जगह-जगह वाहन कतारबद्ध होकर चलते नजर आए। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। कुछ ट्रेनों के निर्धारित समय से विलंब से चलने की सूचना मिली, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। वहीं ग्रामीण इलाकों में खेतों की ओर जाने वाले किसानों ने भी सुबह देर से निकलना उचित समझा। ठंड बढ़ने के साथ ही लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। मौसम विज्ञानी वसीम खान ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में गिरावट आई है, जिससे कोहरे की स्थिति बनी है। आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और देर रात को कोहरा बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




