वोट डालकर घर जा रहे अधेड़ की हत्या में दोषी को उम्रकैद
Fatehpur News - फतेहपुर में विधानसभा चुनाव 2017 के दौरान मतदान करके लौट रहे हनीफ अहमद की ईंट-पत्थरों से हत्या कर दी गई थी। कोर्ट ने आरोपी अजय कुमार पासी को दोषी मानते हुए उम्रकैद और 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। यह हत्या विवाद के दौरान हुई थी, लेकिन चुनावी रंजिश से जुड़ी नहीं थी।

फतेहपुर। सदर कोतवाली के गड़रियन पुरवा में विधानसभा चुनाव 2017 में वोट डाल कर वापस आ रहे अधेड़ की ईंट पत्थरों से कुचल कर हत्या के मामले में कोर्ट ने गुरुवार को दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई।Üसाथ ही 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। आरोपी जमानत पर रिहा था। जिसे सजा के बाद जेल भेजा गया। अभियोजन पक्ष की ओर से केस की पैरवी करने वाले शासकीय अधिवक्ता अजय कुमार सिंह व रणधीर सिंह ने बताया कि 23 फरवरी 2017 को गड़रियन पुरवा निवासी हनीफ अहमद की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बेटे जुबैर अहमद ने केस दर्ज कराया था।
उसने बताया था कि पिता मोहल्ले के इम्तियाज अहमद के घर के पास जैसे ही पहुंचे आरोपी अजय कुमार पासी गाली गलौज करने लगा था और फिर ईंट उठाकर उन पर वार कर दिया था। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। जुबैर की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी अजय को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वह जमानत पर रिहा था। अपर सत्र न्यायाधीश अजय सिंह प्रथम की कोर्ट में मामले की सुनवाई में गुरुवार को अजय कुमार को दोषी मानते हुए उम्रकैद और 50 हजार जुर्माने की सजा सुनाई गई। इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से नौ गवाह प्रस्तुत हुए हैं। विधान सभा चुनाव के दौरान मतदान के दिन शहर क्षेत्र में दिनदहाड़े हत्या होने से सनसनी फैल गई थी। हनीफ वोट डालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अजय से विवाद हुआ और उसने हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस जांच में यह मामला चुनावी रंजिश का नहीं निकला था। बताया गया था कि आरोपी ने शराब के नशे में गाली गलौज करते हुए हत्या की थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




