नल उगल रहे मिट्टी, जेबें ढीली कर पानी खरीद रहे लोग
फतेहपुर के रानी कॉलोनी में जलकल विभाग की लापरवाही के कारण करीब 3000 लोग एक हफ्ते से गंदा पानी पीने पर मजबूर हैं। नलों में बालू और मिट्टी आ रही है, जिससे लोग बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हो गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि यह दूषित पानी बीमारियों का कारण बन सकता है।

फतेहपुर। रानी कॉलोनी में जलकल विभाग की लापरवाही से करीब 3000 की आबादी हफ्ते भर से गंदा पानी पीने को मजबूर है। नलों से पानी के साथ बालू और मिट्टी आ रही है, जिससे परेशान लोग अब पैसे खर्च कर डिब्बे का पानी खरीदने को मजबूर हैं। मोहल्ले वासियों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं, जबकि डॉक्टरों का कहना है कि यह दूषित पानी लोगों को बीमार कर सकता है। रानी कॉलोनी में निवास करने वाले करीब 500 परिवार के तीन हजार के करीब सदस्यों के सामने पीने के पानी की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। आलम यह है कि यहां पर नलों के माध्यम से आने वाले पानी में बालू व मिट्टी आने से लोग इसे पीने से बच रहे हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि करीब एक सप्ताह से अधिक समय से नलों से गंदा पानी आने के कारण पीने में इसका प्रयोग नहीं किया जा रहा। नतीजतन उन्हें या तो पानी भरकर उसकी बालू व मिट्टी नीचे बैठने का इंतजार करना पड़ रहा है या फिर बोतल बंद व डिब्बे का पानी खरीदने में जेबे ढ़ीली करनी पड़ रही हैं। मामले की शिकायत लगातार नगर पालिका में किए जाने के बावजूद राहत नहीं मिल रही। वहीं फिजीशियन डा.डीके वर्मा ने बताया कि लगातार बालू युक्त गंदा पानी पीने के कारण पथरी सहित पेट की अन्य बीमारियां हो सकती हैं。
बोले लोग.....
एक सप्ताह से अधिक समय से गंदा पानी पीने की मजबूरी है। पानी आने के समय उसमें बालू व मिट्टी आने के कारण उसे पीने से परहेज किया जा रहा है। वहीं, मोटर के खराब होने की संभावना भी बनी हुई है। शिकायत के बावजूद अभी तक राहत नहीं मिल पा रही है।
गंदा पानी के प्रभाव
गंदा पानी आने के कारण बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग या तो दूर-दराज से पानी मंगवाने को मजबूर हैं या फिर डिब्बाबंद पानी खरीदकर पीने के लिए विवश हैं। इस मामले की कई बार शिकायत की जा चुकी है।
नवनीत श्रीवास्तव
आंकड़ों पर एक नजर...
500 से अधिक परिवार परेशान हैं।
01 सप्ताह से लोग परेशान हैं।
30 रुपये का डिब्बाबंद पानी मिलता है।
कोट...
रानी कॉलोनी में पानी की सप्लाई के लिए सीओ कार्यालय के पास लगाया गया बोर खराब हो चुका है, जिसके कारण कुछ समस्या हो रही है। नया बोर आबूनगर पुलिस चौकी के समीप करवाया जा रहा है। जल्द ही लोगों को राहत दिलाई जाएगी।
विजय कुमार, जेई जलकल, नपाप
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


